सीमा पार बढ़ते आतंकी हमलों के बीच पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को लेकर कड़ा रुख दिखाया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने चेतावनी दी है कि यदि पाकिस्तान के खिलाफ अफगानिस्तान की जमीन से हमले जारी रहे तो उनका देश जरूरत पड़ने पर अफगान क्षेत्र के अंदर सैन्य कार्रवाई कर सकता है। यहां तक कि एयर ऑपरेशन करने से भी पीछे नहीं हटेगा।
यह बयान ऐसे समय में आया है, जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण हैं। हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुए बम धमाके में कई पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए। इस घटना ने बॉर्डर सुरक्षा और आतंकवादी गतिविधियों को लेकर इस्लामाबाद की चिंताएं और बढ़ा दी हैं।
यह भी पढ़ें: तारिक रहमान सरकार ने बांग्लादेश में लगाया स्पाइसजेट पर बैन, क्या है कारण?
ख्वाजा आसिफ ने दी चेतावनी
एक विदेशी मीडिया को दिए इंटरव्यू में रक्षा मंत्री ने साफ कहा कि अगर हथियारबंद संगठन अफगान जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान पर हमलों के लिए करते रहे तो सैन्य विकल्प खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार देश की सुरक्षा के लिए 'किसी भी जरूरी कदम' से पीछे नहीं हटेगी।
आपको बता दें कि पाकिस्तान का आरोप है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान और इस्लामिक स्टेट जैसे ग्रुप से जुड़े लड़ाके अफगान इलाके से काम कर रहे हैं और पाकिस्तान में हिंसा फैला रहे हैं। रक्षा मंत्री का कहना है कि ऐसे ग्रुप लोकल कंट्रोलिंग ताकतों की जानकारी या बिना उनके चुपचाप सपोर्ट के लंबे समय तक एक्टिव नहीं रह सकते।
ख्वाजा आसिफ ने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान विरोधी नेटवर्क के भारत समेत इलाके के दूसरे लोगों से भी लिंक हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर काबुल एडमिनिस्ट्रेशन यह भरोसा दिलाए कि उसकी जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ नहीं किया जाएगा तो लड़ाई टाली जा सकती है।
यह भी पढ़ें: ब्रिटेन के पूर्व राजकुमार एंड्रयू गिरफ्तार, एपस्टीन फाइल्स में आया था नाम
व्यापार और दोस्ती पर लगा ब्रेक
पाकिस्तान के कॉमर्स मिनिस्टर जाम कमाल खान ने साफ संकेत दिया है कि जब तक कथित आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई नहीं होती तब तक अफगान तालिबान सरकार के साथ व्यापार और राजनयिक रिश्ते सामान्य नहीं किए जाएंगे। दूसरी तरफ, अफगानिस्तान की तालिबान सरकार इन आरोपों को लगातार खारिज करती आ रही है। दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के लिए इस्तांबुल, दोहा और काबुल में कई बार बातचीत भी हुई, लेकिन अभी तक कोई पक्का हल नहीं निकल सका है।