किंग चार्ल्स के भाई और ब्रिटेन के पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें सार्वजनिक पद पर रहते हुए दुर्व्यवहार के संदेह में पकड़ा है। बता दें कि एपस्टीन फाइल्स में नाम आने के बाद से ही पूर्व प्रिंस एंड्रयू चर्चा में हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बिना नंबर की छह गाड़ियों पर सादी वर्दी में आठ पुलिस अधिकारी सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित वुड फार्म पहुंचे। यही से उनको गिरफ्तार किया गया है। पूर्व प्रिंस एंड्रयू पर गोपनीय सरकारी दस्तावेज जेफरी एपस्टीन को सौंपने का आरोप है।
जन्मदिन वाले दिन हुई गिरफ्तारी
ब्रिटिश मीडिया के मुताबिक पूर्व राजकुमार एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को उनके 66वें जन्मदिन पर गिरफ्तार किया गया है। ब्रिटिश सरकार इस बात की जांच कर रही है कि ब्रिटेन के व्यापार दूत के तौर पर एंड्रयू ने जेफरी एपस्टीन को कौन-कौन से गोपनीय दस्तावेज सौंपे थे।
थेम्स वैली पुलिस ने एक बयान में कहा, 'जांच के हिस्से के तौर पर हमने आज नॉरफॉक से 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति को सरकारी पद पर रहते हुए दुर्व्यवहार के संदेह में गिरफ्तार किया है। वहीं बर्कशायर और नॉरफॉक स्थित आवासों की तलाशी ली जा रही है। वह व्यक्ति फिलहाल पुलिस हिरासत में है।'
यह भी पढ़ें: भारत ने तेल खरीदना बंद किया! रूस को नहीं हो रहा भरोसा; मॉस्को ने क्या कहा?
पूर्व राजकुमार एंड्रयू साल 2001 से 2011 तक ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश के विशेष प्रतिनिधि थे। ईमेल से खुलासा हुआ कि एंड्रयू ने एपस्टीन के साथ गोपनीय दस्तावेजों को साझा किया था। एपस्टीन फाइल्स में एंड्रयू की पूर्व पत्नी सारा फर्ग्यूसन का भी कई बार जिक्र है। हालांकि 1996 में दोनों का तलाक हो चुका है। दोनों की बीट्रिस और यूजिनी नाम की दो बेटियां हैं।
पिछले साल अक्टूबर में पूर्व राजकुमार एंड्रयू को रॉयल लॉज से निकाल दिया गया था। हालांकि उनका परिवार अब भी यही रहता है। एपस्टीन पीड़िता वर्जीनिया गिफ्रे ने एंड्रयू पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। हालांकि वह बार-बार इन आरोपों को नकारते रहे। 2022 में अदालती फैसले के बाद महारानी एलिजाबेथ ने एंड्रयू से सैन्य खिताब और संरक्षण छीन लिया था। अप्रैल 2025 में वर्जीनिया गिफ्रे ने खुदुकुशी कर ली थी।
यह भी पढ़ें: ईरान के दो शहरों में धमाके, भयानक आग लगी; अब तक क्या पता चला?
एलिजाबेथ के दूसरे बेटे हैं एंड्रयू
पूर्व राजकुमार एंड्रयू दिवंगत महारानी एलिजाबेथ के दूसरे बेटे हैं। हाल ही में एपस्टीन फाइल्स में उनके नाम का खुलासा हुआ था। कई फोटो में एंड्रयू आपत्तिजनक स्थिति में दिखे थे। हालांकि अब उन्होंने एपस्टीन के साथ अपनी दोस्ती पर खेद जताया। बता दें कि एपस्टीन एक बाल यौन अपराधी था। साल 2019 में उसकी अमेरिका की जेल में मौत हो चुकी है। अमेरिका के न्याय विभाग ने एपस्टीन से जुड़े 30 लाख से अधिक दस्तावेजों को सार्वजनिक किया है।