पाकिस्तान भी कितना गजब मुल्क है। यहां चोरों की हालत भी इतनी खराब हो गई है कि जज के कैबिन से दो सेब और एक हैंडवॉश की बोतल चुराने लगे हैं। दिलचस्प बात तो यह है कि चोरी की इस घटना पर बकायदा FIR भी दर्ज की गई है। और तो और पुलिस भी चोरों की तलाश में रात-दिन एक कर रही है।
मामला लाहौर की जिला कोर्ट का है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, एडिशनल सेशन जज नूर मोहम्मद बसमल के चैंबर से दो सेब और एक हैंडवॉश की बोतल चोरी हो गई थी। यह घटना 5 दिसंबर की है। इसे लेकर जज ने लाहौर पुलिस में FIR दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें-- PAK आर्मी के प्रवक्ता ने महिला पत्रकार को मारी आंख, वीडियो वायरल
क्या है पूरा मामला?
पाकिस्तानी अखबार 'डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक, 5 दिसंबर को लाहौर के एडिशनल सेशन जज नूर मोहम्मद बसमल के चैंबर में चोरी हो गई थी। इसे लेकर जज के स्टाफ मेंबर हबीबुर रहमान ने इस्लामपुरा पुलिस थाने में FIR दर्ज कराई है।
हबीबुर रहमान की ओर से दर्ज कराई गई FIR में शिकायत की गई है कि जज साहब के चैंबर से दो सेब और हैंडवॉश की एक बोतल चोरी हो गई है। अज्ञात चोरों के खिलाफ यह केस दर्ज किया गया है। चोरी हुए सामान की कीमत 1 हजार पाकिस्तानी रुपये आंकी गई है। भारतीय करंसी में यह 320 रुपये होती है।
इस मामले में लाहौर के इस्लामपुरा पुलिस थाने में पाकिस्तान पीनल कोड की धारा 380 के तहत केस दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें-- 'प्लीज मुझे इंसाफ दिलाएं', पाकिस्तान की महिला की PM मोदी से अपील
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
दो सेब और हैंडवॉश की एक बोतल चोरी होने के मामले में FIR दर्ज होने पर सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी यूजर्स सवाल उठा रहे हैं।

एक यूजर ने लिखा, 'जज के चैंबर से 2 सेब चोरी होने का केस दर्ज हो गया है। जांच शुरू हो गई है। दो लड़कियों की हत्या का केस खारिज कर दिया गया है। केस बंद हो गया है। यह इंसाफ का सिस्टम है। यह एलीट कल्चर है। यह एलीट लोगों का पाकिस्तान है।'

पाकिस्तान के पत्रकार नवीन सत्ती ने लिखा, 'लाहौर में एडिशनल सेशन जज साहब की कोर्ट से दो सेब चोरी होने का केस दर्ज किया गया है। दूसरी तरफ, जब एक जज के बेटे ने दो लड़कियों की हत्या कर दी तो FIR में जज का नाम और गाड़ी का जिक्र तक नहीं किया गया।'