कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए हमले और उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर को अभी एक साल भी नहीं बीता है कि पाकिस्तान की तरफ से एक और उकसावे वाला बयान सामने आ गया है। दरअसल, पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने दावा किया है कि भारत एक और जंग की तैयारी कर रहा है।
पाकिस्तानी संसद की संयुक्त बैठक में बोलते हुए जरदारी ने दावा किया कि भारत, पाकिस्तान के साथ एक और जंग की तैयारी कर रहा है। यह दावा करने के बाद आसिफ अली जरदारी ने भारत के साथ शांतिपूर्ण बातचीत करने की अपील की।
क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए रास्ता
उन्होंने विपक्ष के सांसदों के हंगामे के बीच संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा, 'मेरा उन्हें (भारत को) संदेश है कि वे जंग के मैदान से हटकर मतलब वाली बातचीत की टेबल पर आएं, क्योंकि क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए यही एकमात्र रास्ता है।'
यह भी पढ़ें: 'जैसे भी हो सके तुरंत निकलो...', अमेरिका ने जारी कर दी दर्जनों देशों की लिस्ट
पहलगाम हमले के बाद युद्ध
बता दें कि पिछले साल 22 अप्रैल को पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने पहलगाम में 27 सैलानियों को गोलियों से भून दिया था। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान में बैठे आतंकी संगठनों ने ली थी। इसके बाद भारत ने 7 मई को पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। भारत-पाकिस्तान के बीच तीन दिनों तक भीषण जंग हुई। हालांकि, यह जंग 11 मई को खत्म हो गई।
'अफगानिस्तान के साथ जंग के लिए भारत जिम्मेदार'
इसके अलावा आसिफ अली जरदारी ने अफगानिस्तान के साथ साथ चल रही जंग के बीच तालिबान से भी बातचीत की अपील की। जरदारी ने अफगानिस्तान पर भारत के लिए प्रॉक्सी की तरह काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'दूसरे देश अपने सपनों के लिए जंग के मैदान के तौर पर इस्तेमाल होना बंद करें।' हालांकि, भारत के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के आरोपों को गलत बताया है।
यह भी पढ़ें: 'मुस्लिमों के साथ विश्वासघात किया', OIC पर क्यों भड़कीं महबूबा मुफ्ती?
भारत की पाक को दो टूक
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'तीन बातें साफ हैं। एक, पाकिस्तान आतंकवादी संगठनों को पनाह देता है और आतंकवादी गतिविधियों को स्पॉन्सर करता है। दो, अपनी अंदरूनी नाकामियों के लिए अपने पड़ोसियों को जिम्मेदार ठहराना पाकिस्तान की पुरानी आदत है। तीन, पाकिस्तान इस बात से नाराज है कि अफगानिस्तान अपने इलाकों पर अपना दबदबा बना रहा है।'