लोकसभा में विपक्ष के नेता
राहुल गांधी
ने अपने अमेरिका दौरे के दौरान देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बयान दिया है। 18 नवंबर को न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत इस समय एक आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कोई इसे नजरअंदाज करें या मीडिया इस पर ध्यान न दे लेकिन हकीकत यही है कि देश में बेरोजगारी और शिक्षा प्रणाली से जुड़ी बेहद गंभीर समस्याएं मौजूद हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पलटवार करते हुए कहा है कि राहुल गांधी विदेश में भारत की छवि खराब करने की हमेशा कोशिश करते हैं। पार्टी ने उन्हे 'भारत विरोधी प्रोपेगेंडा नेता' करार दिया है।
राहुल गांधी ने भारत के युवाओं से जुड़े एक सवाल के जवाब में अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि मौजूदा हालात से निराश युवाओं का एक बड़ा वर्ग मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है। इन युवाओं के पास अच्छी डिग्री तो है लेकिन अपने भविष्य और करियर को लेकर उनका मोहभंग होता जा रहा है।
यह भी पढ़ें: रूस में सेना का प्लेन आग लगने के बाद क्रैश, क्रू के सभी 19 सदस्यों की मौत
'युवाओं और माता-पिता के बीच बढ़ रही है दूरी'
राहुल गांधी ने कहा कि उनके आकलन में सबसे बड़ी वजह यह सामने आई है कि आज के युवाओं को देश में अपना कोई भविष्य नजर नहीं आ रहा है। इसी वजह से अब परिवारों के अंदर युवाओं और उनके माता-पिता के बीच करियर के फैसलों को लेकर सोच का बड़ा अंतर पैदा हो गया है। राहुल के मुताबिक, आज की युवा पीढ़ी अपने माता-पिता की सलाह और उनके पुराने अनुभवों पर सवाल उठा रही है।
उन्होंने कहा कि माता-पिता खुद यह बता रहे हैं कि उनके बच्चे उनसे साफ कह देते हैं कि आपके पास खुद नौकरी नहीं है। इसलिए आप हमें यह न बताएं कि आपने क्या किया था क्योंकि अब वह तरीका काम नहीं करता। राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि बेरोजगारी, भविष्य के सीमित अवसर और शिक्षा व्यवस्था की खामियां ऐसी बड़ी चुनौतियां हैं, जिन्हें टाला नहीं जा सकता।
यह भी पढ़ें: यूक्रेन, उत्तर कोरिया के लिए मिसाइल टेस्ट की जमीन बन गया है?
BJP का पलटवार
अमेरिका में दिए गए राहुल गांधी के बयान के बाद देश में सियासी पारा चढ़ गया है। BJP ने उनके इस बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए तुरंत पलटवार किया। BJP ने कांग्रेस नेता पर विदेशी मंचों से भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया और उन्हें 'भारत विरोधी प्रोपेगेंडा का नेता' बताया।