पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक आत्मघाती हमले में एक लेफ्टिनेंट कर्नल समेत दो लोगों की मौत हुई है। कई अन्य घायल हैं। पाकिस्तान सेना के मुताबिक बन्नू जिले में वाहन सवार आत्मघाती हमलावर ने सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाया। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के मुताबिक इलाके में आतंकियों के मौजूदगी की सूचना मिली थी। ऑपरेशन के दौरान ही आतंकियों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को निशाना बनाया।
पाकिस्तान की सेना ने पांच आंतकियों को मारने का दावा किया। वहीं अफगानिस्तान पर आतंकियों को पनाह देने का आरोप लगाया। आईएसपीआर ने कहा, 'ख्वारिज (पाकिस्तानी तालिबान) रमजान के पवित्र महीने में अफगान धरती का इस्तेमाल करके पाकिस्तान के अंदर आतंकवादी गतिविधियों को जारी रखे हैं। अफगान तालिबान शासन एक बार फिर ख्वारिज को पाकिस्तान के अंदर आतंकवादी गतिविधियां करने से रोकने पर विफल रहा।
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ प्लान पर पानी फेरने वाली कंपनी की कहानी क्या है?
इनकी गई जान
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक जान गंवाने वाले लेफ्टिनेंट कर्नल की पहचान शाहजादा गुल फराज के तौर पर हुई। वे मनसेहरा के रहने थे। उनके साथ ही 28 वर्षीय सिपाही करामत शाह की भी जान गई। बता दें कि 2022 में सीजफायर टूटने के बाद खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में टीटीपी ने हमलों को तेज कर दिया है। इसी हफ्ते एक अन्य हमले में पाकिस्तान के 11 सुरक्षा बलों की जान गई थी।
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने फिर किया दावा, 200% टैरिफ की धमकी देकर रुकवाया भारत-पाक युद्ध
पाकिस्तानी सेना बोली- बड़ी तबाही टाली
पाकिस्तान सेना ने कहा, 'एक वाहन में सवार आत्मघाती हमलावर को अग्रिम दस्ते ने रोक लिया। इससे बन्नू शहर में नागरिकों और कानून प्रवर्तन कर्मियों को निशाना बनाने की उसकी नापाक साजिश विफल हो गई और बड़ी तबाही टल गई।' आईएसपीआर ने आगे कहा कि सुरक्षा बलों ने पांच आतंकियों को मार गिराया है। हताशा में आकर आतंकियों ने विस्फोटक से भरी गाड़ी को सुरक्षा बलों के काफिले से भिड़ा दी।'