logo

मूड

ट्रेंडिंग:

सीरिया में हथियार डिपो में बड़ा धमाका, दहल उठा इदलिब; अब तक 14 की मौत

सीरिया के इदलिब में एक बड़ा धमाका हुआ है। अब तक 14 लोगों की जान गई है और 11 घायल हुए हैं। पूरा इलाका धमाकों की आवाज से दहल उठा। यह 10 दिन के भीतर इदलिब में हुआ दूसरा बड़ा धमाका है।

Syria News

सीरिया में बड़ा धमाका। (Photo Credit: SANA)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

सीरिया के इदलिब प्रांत में एक हथियार डिपो में बड़ा धमाका हुआ है। अभी तक 14 लोगों के मरने और 11 लोगों के घायल होने की खबर है। धमाके के बाद दूर-दूर तक धुएं का गुबार आसमान में देखा गया। सीरिया की सरकारी टीवी ने यह जानकारी साझा की। धमाका इदलिब प्रांत के सरमादा शहर में स्थित एक अस्थायी हथियार डिपो में हुआ है। यहां हथियारों, विस्फोटकों और गोला-बारूद को रखा जाता था। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मलबे में लोगों की तलाश की जा रही है।

 

सीरिया की सरकारी सना न्यूज एजेंसी के मुताबिक यह धमाका सरमादा के पास बुर्ज अल-निमरा गांव के पास हुआ। प्रारंभिक जांच में धमाके की वजह गोला-बारूद को बताया जा रहा है। आपातकालीन और आपदा प्रबंधन निदेशालय के संचालन प्रमुख वालिद असलान ने बताया कि आपातकालीन टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। सीरिया के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि धमाके में उसके कुछ कर्मचारी घायल हुए हैं। 

 

यह भी पढ़ें: ईरान ने फिर दागीं मिसाइलें, जवाब में अमेरिका ने उड़ाए 5 ईरानी ऑयल टैंकर

 

सरमादा शहर के नजदीक एक अस्थायी हथियार डिपो में धमाका हुआ है। शुरुआती तौर पर मृतकों की संख्या 14 है। 11 लोग घायल हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग, इदलिब।  

 

 9 दिन पहले भी हो चुका बड़ा धमाका

इसी महीने की 1 तारीख को इदलिब प्रांत में ही एक वाहन पर भीषण धमाका हुआ था। इसमें पांच लोगों की जान गई थी। वाहन से गोला-बारूद की खेप को ले जाया जा रहा था। तभी यह घटना हो गई। 2011 से 2024 तक गृहयुद्ध की आग में झुलसे सीरिया में हथियार डिपो में धमाका कोई दुर्लभ घटना नहीं है। इससे पहले भी कई हथियार डिपो पर धमाके और आगजनी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

कई धमाकों से बचाव अभियान हुआ प्रभावित

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सबसे पहले आग अस्थायी हथियार डिपो में लगी। आसपास के क्षेत्र में ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण किया गया। इस कारण यहां भी आग लग गई और कई और धमाके हुए। लगातार धमाकों के कारण दमकल और आपातकालीन सेवाओं को आग बुझाने व राहत एवं बचाव कार्य में बाधा का सामना करना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें: 'जब तक जिंदा हैं तब तक जिहाद करेंगे', हाफिज सईद के बेटे का जहरीला भाषण

तबाही का गढ़ रहा इदलिब

सीरिया का इदलिब प्रांत गृहयुद्ध का सबसे प्रभावित इलाका था। यहां आतंकी संगठन आईएसआईएस ने भीषण तबाही मचाई थी। 2024 में बशर अल असद के अपदस्थ होने और देश छोड़कर जाने के बाद पूर्व आतंकी अहमद अल-शारा अब सीरिया के राष्ट्रपति हैं। शारा की अगुवाई में सीरिया और अमेरिका के रिश्ते सुधरे हैं। कई मामलों पर अमेरिका ने सीरिया पर लगे प्रतिबंधों पर ढील दी है। मगर सीरिया में तुर्की के बढ़ते दखल के कारण इजरायल के साथ रिश्ते तनावपूर्ण होते जा रहे हैं।

 


और पढ़ें