शादी का एक दस्तावेज केवल दो लोगों के लिए मुहर नहीं होता बल्कि वह अपने समय के समाज, आर्थिक स्तर और सांस्कृतिक मेलजोल का भी अहम हिस्सा है। हाल ही में 1724 से लेकर 1895 के दौरान इटली, मोरक्को, यमन और ओटोमन साम्राज्य के हाइफा में तैयार किए गए शादी के कॉन्ट्रैक्ट पर आई एक रिपोर्ट ने इस बात को मजबूती से सामने रखा है।
यह तुलना एक बड़ा सवाल उठाती है कि जब एक ही धर्म को मानने वाले लोग अलग-अलग देशों में बसते हैं तो उनकी परंपराओं को निभाने का तरीका किस तरह बदल जाता है। इतिहासकारों मे माना कि इन पुराने शादी के कांट्रैक्ट्स को उस दौर की पारिवारिक जिंदगी और सामाजिक इतिहास को समझने के लिए बेहद प्राथमिक दस्तावेज हैं।
यह भी पढ़ें: आइजेनकोट ने मतान कहाना को स्पीकर पद के लिए चुना, लिबरमैन को भी जिम्मेदारी
आखिर क्या होता है 'केतुबा'?
यहूदी परंपरा में शादी के समय लिखे जाने वाले अनुबंध को केतुबा (Ketubah) कहा जाता है। यह केवल शादी की तारीख या दूल्हा-दुल्हन का नाम दर्ज करने वाला कागज नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य शादी के दौरान और उसके बाद पति की आर्थिक जिम्मेदारियों को तय करना और पत्नी के अधिकारों की रक्षा करना है। इसमें एक जरूरी शर्त होती है जिसके तहत तलाक या पति की मृत्यु की सूरत में पत्नी को मिलने वाली तय रकम दर्ज होती है।
इस पर दूल्हा-दुल्हन का नाम, शादी की जगह और तारीख लिखी जाती है। साथ ही दो गवाहों के दस्तखत जरूरी होते हैं। इसको पारंपरिक रूप से अरामी भाषा में तैयार किया जाता है। इसे समझने के लिए आज के प्री-नप्चुअल एग्रीमेंट जैसा मान सकते हैं हालांकि दोनों के कानूनी और सामाजिक नियमों में फर्क है।
चार देशों के पेपर में दिखा अलग-अलग अंदाज
साल 1724 में लिवोर्नो, इटली में इस दस्तावेज को बड़े पर्चमेंट (चमड़े जैसा मोटा कागज) पर तैयार किया गया था। इसमें चमकीले रंग, मुकुट, जोडिएक और आशीर्वाद के शब्द बने हैं। इससे पता चलता है कि इतालवी यहूदी समुदाय में कानूनी कांट्रैक्ट को आर्टिस्टिक रूप देने का चलन था। साल 1895 फेज, मोरक्को के दस्तावेज में कोई रंगीन बॉर्डर या फोटो नहीं हैं। इसकी असली खूबसूरती इसकी लिखावट और गवाहों के हस्ताक्षर हैं। इसमें रिश्तेदारों और गवाहों के नाम दर्ज हैं। इससे यह दो परिवारों के आपसी जुड़ाव का प्रमाण बनता है।
1864 यमन के कांट्रैक्ट में सजावटी तस्वीरों के बजाय अक्षरों की सुंदर बनावट, आशीर्वाद और बाइबिल के वाक्यों पर जोर दिया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें तारीख दर्ज करने के लिए पुरानी सेल्यूसिड काल-गणना का इस्तेमाल हुआ है। 1875 के हाइफा, ओटोमन दौर में स्थानीय कला का प्रभाव साफ दिखाई देता है। मेहराब, मछली, आधा चांद और सितारे जैसे चित्र इसमें बने हैं, जो बताते हैं कि यहूदी परंपरा अपने आसपास के समाज और कला से गहराई से जुड़ी हुई थी।
यह भी पढ़ें: 81 की उम्र में एम. जॉन हैरिसन ने जीता बुकर प्राइज, किस किताब के लिए मिला खिताब?
क्यों आया दस्तावेजों की बनावट में इतना फर्क?
इन दस्तावेजों में बहुत फर्क दिखता है। कारण यह है कि अलग-अलग देशों में रह रहे यहूदी समुदाय वहां की मुख्य धारा की कला से प्रभावित हुए। इटली में बारोक और रोकोको शैली का असर दिखा तो मध्य पूर्व और फारस के दस्तावेजों पर इस्लामी कला के सजावटी पैटर्न नजर आते हैं। इसके अलावा हर परिवार के पास सोने की सजावट या महंगे रंगों से कांट्रैक्ट तैयार कराने का बजट नहीं होता था। इटली जैसे जगहों पर संपन्न परिवार महंगे पर्चमेंट चुनते थे, जबकि साधारण परिवार सादे लिखित कॉन्ट्रैक्ट से काम चलाते थे।
कांट्रैक्ट का कानूनी ढांचा एक जैसा रहने के बाद भी स्थानीय जरूरतों के हिसाब से शर्तें जोड़ी जाती थीं। जैसे शादी के बाद कपल कहां रहेगा, पति बिजनेस के सिलसिले में लंबे समय के लिए बाहर जाए तो क्या नियम होंगे या पति दूसरी शादी कर सकता है या नहीं।
यह भी पढ़ें: नीतियों में समानता के बावजूद नेतन्याहू के विरोधी क्यों बने आइजेनकोट?
1942 के यरुशलम का एक अलग उदाहरण
समय के साथ इन दस्तावेजों में बदलाव का एक उदाहरण 1942 के यरुशलम का केतुबा है। यह हाथ से लिखे दस्तावेज के बजाय एक छपे हुए फॉर्म पर बना था। इस पर राहेल की कब्र और पश्चिमी दीवार जैसे पवित्र स्थलों के चित्र थे। इसमें एक बेहद निजी शर्त भी जोड़ी गई थी। दुल्हन ने पति की पहली पत्नी से हुए बच्चों की देखभाल करने और उनकी शादी होने तक जिम्मेदारी उठाने का वादा किया था। बदले में बच्चों से भी सम्मान देने की बात कही गई थी। यह दिखाता है कि कांट्रैक्ट में बदलती पारिवारिक जिम्मेदारियां भी दर्ज होती थीं। ये जितने भी दस्तावेज बनाए गए उसमें रिसर्च करने वालों ने यह माना कि इसे धर्म के बदलाव के रूप में देखने के बजाय उस दौर की चलन में कलात्मक शैली और सांस्कृतिक मेलजोल का हिस्सा मानते हैं।