पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के अनौपचारिक नतीजे सामने आ गए हैं। इस चरण में दो पूर्व तथाकथित प्रधानमंत्रियों को अपने-अपने गढ़ में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के नेता फैसल मुमताज राठौड़ अपनी सीट बचाने में सफल रहे। चुनाव के दौरान कई जगहों पर हिंसा और धांधली के आरोप भी लगाए गए हैं। यह चुनाव यहां हो रहे हिंसक प्रदर्शनों के बीच हुए हैं।
तीसरे चरण में 11 में से चार विधानसभा सीटों पर सोमवार को मतदान हुआ। बाकी सात सीटों पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मतदान टाल दिया गया। स्थानीय चुनाव आयोग के मुताबिक, इन सीटों पर अब 21 अगस्त को मतदान होने की उम्मीद है। इससे पहले 27 जुलाई और 2 अगस्त को हुए पहले और दूसरे चरण के चुनाव में भी हिंसा और धांधली के आरोप लगे थे।
यह भी पढ़ें: सीरियाई कोर्ट ने बशर अल-असद को सुनाई मौत की सजा, भाई-कजिन को भी फांसी का फरमान
दो पूर्व प्रधानमंत्रियों को अपने गढ़ में हार
पूर्व प्रधानमंत्री और मुस्लिम कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सरदार अतीक अहमद खान को LA-14 यानी वेस्ट बाग-धीरकोट सीट पर हार मिली। उन्हें अवामी दस्त-ओ-बाजू पार्टी के सरदार साजिद इकबाल ने हराया। यह सीट अतीक अहमद खान का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र माना जाता रहा है। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री सरदार तनवीर इलियास भी चुनाव में खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। इस्तेहकाम-ए-पाकिस्तान पार्टी में शामिल होने वाले इलियास को महज कुछ हजार वोट ही मिले।
PPP ने बचाई सीट
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता फैसल मुमताज राठौड़ ने अपनी सीट बरकरार रखी। वहीं PPP उम्मीदवार जिया कमर ने LA-15 यानी सेंट्रल बाग सीट पर जीत दर्ज की। उन्हें 16,637 वोट मिले, जबकि PML-N उम्मीदवार मुशताक मिन्हास को 15,015 वोट मिले। तीसरे चरण के अनौपचारिक नतीजों में PPP को दो सीटें मिलीं। PML-N और अवामी दस्त-ओ-बाजू पार्टी के खाते में एक-एक सीट गई है।
यह भी पढ़ें: US कोर्ट ने अडाणी के खिलाफ केस किया खारिज, गौतम अडाणी बोले- जय हिंद
25 सीटों के साथ PML-N सरकार बनाने की स्थिति में
PoK की 53 सदस्यीय विधानसभा में 45 सीटों पर सीधे चुनाव होते हैं, जबकि 8 सीटें आरक्षित हैं। अब तक PML-N को 25 सीटें मिल चुकी हैं। ऐसे में पार्टी के सरकार बनाने की स्थिति में पहुंचने की संभावना है। पाकिस्तान के केंद्र में PML-N की सहयोगी PPP को 12 सीटें मिली हैं, जबकि अवामी दस्त-ओ-बाजू पार्टी ने एक सीट जीती है।