अमेरिका के इलिनॉय राज्य में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की साजिश पर भारत ने चिंता जताई है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि अमेरिका के ऑरोरा इलाके में स्थित मंदिर पर हमले की खबर बेहद चिंताजनक है और इस साजिश के पीछे जिस तरह की नफरती, नस्लवादी और भारत विरोधी मानसिकता सामने आई है, वह बहुत परेशान करने वाली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में 19 वर्षीय युवक एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार किया गया है। वह पैलेटाइन का रहने वाला है। भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस घटना पर चिंता जताते हुए अमेरिकी अधिकारियों से मामले की गहन जांच करने और भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी केस: दिल्ली से उत्तराखंड तक प्रदर्शन, राजभवन के बाहर धरना
क्या है पूरा मामला?
इस मामले में 19 वर्षीय युवक एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार किया गया है। युवक पर इलिनोइस (शिकागो) के ऑरोरा इलाके में स्थित एक हिंदू पूजा स्थल को संभावित रूप से निशाना बनाने की साजिश रचने का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में जांच के दौरान आरोपी के पास से एक घोषणापत्र मिला, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा करने की बातें लिखी थीं।
बड़े पैमाने पर गोलीबारी की योजना थी
युवक के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और इस मामले में एक अन्य व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि पैपोराकिस बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की योजना बना रहा था। आरोपी ने कथित तौर पर टैको बेल में अपने साथ काम करने वालों से कहा था कि रविवार का दिन एक खास दिन होने वाला है। रविवार को दिन में ही पैपोराकिस ने अपने एक सहकर्मी को फोन किया और कहा कि उसकी बंदूक जाम हो गई, जिसके बाद वह बिना किसी की नजर में आए बहुत तेजी से वहां से निकल गया। बंदूक जाम होने की वजह से वह हमले की साजिश में नाकाम रहा।
यह भी पढ़ें: इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस क्यों? OCI कार्ड के नियम और कानून समझें
विदेश मंत्रालय (MEA) ने क्या कहा?
रणधीर जायसवाल ने इस मामले में कहा कि हमने अमेरिकी कानून प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई पर ध्यान दिया है, जिसमें संदिग्ध की गिरफ्तारी और हिरासत तथा उस पर लगाए गए आरोप शामिल हैं। नस्लवादी शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत के बढ़ते मामलों की ओर इशारा करते हुए नई दिल्ली ने ऐसी घटनाओं के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का आह्वान किया है।'
रणधीर जायसवाल ने आगे कहा कि यह घटना अमेरिका में नस्लीय शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत को लेकर बढ़ती चिंताओं को और बढ़ाती है। भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिक सतर्कता बरतने, नफरत से प्रेरित हिंसा के प्रति जीरो टॉलरेंस अपनाने और निर्णायक कदम उठाने की जरूरी है। विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई है कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की जांच करेंगे और न्याय सुनिश्चित करेंगे।