logo

मूड

ट्रेंडिंग:

इजराइल की सेना ने रोका था महिला सैनिकों का ट्रायल, कोर्ट ने क्यों दिया दखल?

18 नवंबर को इजराइली सेना की टैंक यूनिट में 51 महिला सैनिकों की भर्ती ने एक पुरानी बहस को फिर से हवा दे दी है। सवाल यह है कि लड़ाई के मैदान में महिलाओं की भूमिका तय करने का आखिरी अधिकार देश की कोर्ट के पास है या खुद सेना के पास?

Representative Image

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit- Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

इजराइल में चल रही इस बहस को अक्सर 'कोर्ट बनाम सेना' के सीधे टकराव की तरह देखा जाता है लेकिन असल मामला कानूनी समानता और सेना की जमीनी जरूरतों के बीच संतुलन बनाने का है। एक तरफ देश का कानून है जो कहता है कि महिलाओं और पुरुषों को आगे बढ़ने के बराबर मौके मिलने चाहिए, वहीं दूसरी तरफ सेना है जिसे युद्ध के मैदान में सबसे कठिन परिस्थितियों से निपटना होता है। इसी साल 13 अप्रैल को इजराइल के सुप्रीम कोर्ट ने इस मुद्दे पर एक बेहद अहम फैसला सुनाया था।

 

कोर्ट ने सेना के अधिकारों को खत्म नहीं किया बल्कि यह साफ किया कि केवल महिला होने के आधार पर किसी को भी लड़ाकू भूमिकाओं से बाहर नहीं रखा जा सकता। कोर्ट के मुताबिक, अगर सेना किसी खास पद से महिलाओं को दूर रखना चाहती है तो उसे उस पद की प्रकृति और काम की कठिन जरूरतों के आधार पर ठोस वजह बतानी होगी।

 

यह भी पढ़ें: COP31 बिना समझौते के खत्म, न फॉसिल फ्यूल पर सहमति न फंडिंग का भरोसा

अप्रैल 2026 के फैसले में कोर्ट ने क्या कहा?

यह पूरा कानूनी मामला साल 2020 में दायर की गई याचिकाओं से शुरू हुआ था। कई महिला उम्मीदवारों और सैनिकों ने मांग की थी कि उन्हें इजराइली सेना की इन्फैंट्री और युद्धक टैंक जैसी अग्रिम लड़ाकू इकाइयों में भी चयन और सेवा का बराबर मौका मिले। कोर्ट ने अपने फैसले में तीन बातें स्पष्ट कीं। पहली, सेना की जिम्मेदारी है कि जहां तक संभव हो, कॉम्बैट भूमिकाओं में महिला और पुरुष दोनों को समान अवसर दे। दूसरी, किसी भी पद के लिए सिर्फ महिलाओं के पूरे वर्ग पर पाबंदी नहीं लगाई जा सकती, बल्कि हर उम्मीदवार को उसकी व्यक्तिगत क्षमता और तय मानकों पर परखा जाना चाहिए। तीसरी, कोर्ट ने सेना को निर्देश दिया कि वह नवंबर 2026 तक टैंक यूनिट यानी 'मैन्यूवरिंग आर्मर्ड कॉर्प्स' में महिलाओं को शामिल करने के लिए एक पायलट प्रोग्राम शुरू करें। 


हालांकि, इस फैसले के कानूनी सिद्धांत पर तीनों जज एकमत थे लेकिन पायलट प्रोग्राम लागू करने के तरीके को लेकर एक जज की राय बाकी दो जजों से अलग थी। कोर्ट ने यह भी चेताया कि पायलट प्रोग्राम को समान अवसर देने की प्रक्रिया का स्थायी विकल्प नहीं बनाया जा सकता।

सेना ने क्यों रोका था महिलाओं का ट्रायल?

इसमें एक अहम मोड़ मई 2025 में आया जब तत्कालीन चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर ने महिलाओं के लिए चल रहे 'कॉम्बैट मोबिलिटी पायलट प्रोग्राम' को बीच में ही रोक दिया था। इस यूनिट का काम युद्ध के दौरान मोर्चे पर तैनात सैनिकों तक हथियार और गोला-बारूद पहुंचाना और जरूरत पड़ने पर घायल सैनिकों को दुश्मन के इलाके से बाहर निकालना होता है। नवंबर 2024 में 34 महिलाओं ने इस कठिन ट्रेनिंग की शुरुआत की थी और छह महीने बाद 23 महिलाएं ही इसमें टिक पाई थीं। सेना के मुताबिक, इन महिला सैनिकों ने अपने पेशेवर काम में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन वे इस भूमिका के लिए जरूरी शारीरिक और कॉम्बैट फिटनेस के मानकों पर खरी नहीं उतर पा रही थीं।

 

लगातार भारी बोझ उठाने और कड़ी ट्रेनिंग से उन्हें गंभीर चोट लगने और स्वास्थ्य बिगड़ने का खतरा भी था। इसी मेडिकल और ट्रेनिंग रिपोर्ट के आधार पर सेना ने यह पायलट रोक दिया था और उन महिलाओं को उनकी पसंद की दूसरी भूमिकाओं में भेज दिया गया था। ताजा जानकारी के मुताबिक, अब सेना इस प्रोग्राम को नए सिरे से शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसकी शुरुआती जांच दिसंबर 2026 में और नई ट्रेनिंग मार्च 2027 में शुरू होने की उम्मीद है।

 

यह भी पढ़ें: इजरायल में सरकार बनाने को लेकर नेतन्याहू-आइजेनकोट के बीच बातचीत फिर रही बेनतीजा

समान अवसर का मतलब एक जैसी ट्रेनिंग नहीं

अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या समान अवसर का मतलब महिलाओं के लिए फिटनेस के नियम आसान करना है। कोर्ट में भी यह बात साफ हुई कि याचिका दायर करने वाली महिलाएं मानकों में छूट नहीं मांग रही थीं बल्कि वे पुरुषों के बराबर के पैमाने पर खुद को साबित करने का मौका चाहती थीं।

 

17 नवंबर को सेना ने टैंक यूनिट के नए पायलट का एलान किया और अगले ही दिन 51 महिला सैनिक इसमें भर्ती हो गईं। इस बार सेना ने एक बीच का रास्ता निकाला है। टैंक चलाने और युद्ध लड़ने की पेशेवर योग्यता के मानक महिला और पुरुष दोनों के लिए बिल्कुल एक जैसे रखे गए हैं। लेकिन उस स्तर तक पहुंचने के लिए महिलाओं की शारीरिक ट्रेनिंग उनके स्वास्थ्य और शरीर की बनावट को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। साथ ही उन्हें मुख्य ट्रेनिंग से पहले विशेष तैयारी भी कराई जा रही है।

1995 के ऐलिस मिलर केस से शुरू हुआ था बदलाव

इजराइल की सेना में महिलाओं की भागीदारी का यह सफर नया नहीं है। इसकी नींव 8 नवंबर 1995 को पड़ी थी, जब ऐलिस मिलर नाम की एक महिला ने एयरफोर्स में पायलट बनने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उस समय सेना ने सर्विस के लिए कम समय और प्रेग्नेंसी जैसे कारणों का हवाला देकर महिलाओं को पायलट ट्रेनिंग देने से मना कर दिया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने उन दलीलों को खारिज करते हुए कहा था कि लिंग के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता।

 

यह भी पढ़ें: हूती विद्रोहियों के साथ सऊदी अरब की जंग की इतनी चर्चा क्यों नहीं?

 

इसके बाद धीरे-धीरे कई मोर्चे खुले। 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के दौरान सीमा पर तैनात कराकल बटालियन की महिला टैंक सैनिकों ने जिस तरह मोर्चा संभाला, उसने भी दिखाया कि महिलाएं युद्ध के मैदान में सक्षम हैं। हालांकि, इस रास्ते में सामाजिक और धार्मिक चुनौतियां भी कम नहीं हैं। इजराइल के कई धार्मिक संगठनों और रब्बियों ने टैंक के भीतर पुरुष और महिला सैनिकों के एक साथ लंबे समय तक रहने और ट्रेनिंग करने पर आपत्ति जताई है। इसके चलते सेना टैंक पायलट में महिलाओं के लिए अलग क्रू रखने की व्यवस्था पर भी काम कर रही है।

 

कोर्ट और सेना के इस पूरे घटनाक्रम से एक बात साफ हो जाती है कि दोनों संस्थाओं की सीमाएं तय हैं। सुप्रीम कोर्ट खुद यह तय नहीं करता कि युद्ध के मैदान में किस सैनिक को कहां तैनात करना है। यह अधिकार पूरी तरह सेना की कमान के पास है। लेकिन अदालत यह जरूर सुनिश्चित करती है कि सेना अपनी जरूरतों की आड़ में किसी के साथ भेदभाव न करें।


और पढ़ें