प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
ने 'मन की बात' के 136वें एपिसोड में कहा कि पिछले साल की तरह इस बार भी गणेश उत्सव पर प्लास्टर ऑफ पेरिस या बाहर से आने वाली मूर्तियों को नहीं लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसकी जगह अपने देश की मिट्टी से बनी मूर्तियों की ही पूजा करनी चाहिए। पीएम मोदी ने सबसे कहा है कि लोग घर पर ही देश की मिट्टी से बप्पा की मूर्ति बनाएं।
कई लोगों ने उन्हें मैसेज करके बताया कि उन्होंने यह बात मान ली है और वे घर पर ही मिट्टी से मूर्ति बना रहे हैं। जब हम घर की मिट्टी से मूर्ति बनाते हैं तो इससे देश की मिट्टी का मान बढ़ता है और हमारे पर्यावरण की भी रक्षा होती है। इस बार बाजार से केमिकल वाली मूर्ति लाने के बजाय घर पर ही साफ और प्राकृतिक मिट्टी से बप्पा की मूर्ति बनानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: PF पेनल्टी में मिलेगी राहत, EPFO की विश्वास 2026 स्कीम से मिलेगा बड़ा फायदा
घर पर मिट्टी कैसे तैयार करें?
घर पर मिट्टी से गणेश मूर्ति बनाना बहुत आसान है और इसमें किसी भी तरह के केमिकल या नुकसान देने वाले रंगों का इस्तेमाल नहीं होता। सबसे पहले ऐसी मिट्टी लो जो बिल्कुल साफ हो और जिसमें कंकर या पत्थर न हों। अगर मिट्टी कड़ी है तो उसे कुछ देर पानी में भिगोकर रख दो ताकि वह नरम हो जाए। मिट्टी इतनी गीली होनी चाहिए कि आप उससे आसानी से आकार बना सको न तो बहुत ज्यादा पानी वाली और न ही बहुत सूखी। मूर्ति बनाने की शुरुआत सबसे पहले नीचे के हिस्से से करो। मिट्टी का एक छोटा सा गोला लेकर बप्पा के बैठने का आसन बनाओ। इसके बाद मिट्टी का थोड़ा बड़ा हिस्सा लेकर एक गोल या अंडाकार आकार बनाओ जो बप्पा का धड़ यानी पेट और छाती का हिस्सा बनेगा। इसमें थोड़ा सा पानी लगाकर जोड़ने से मिट्टी आपस में अच्छे से चिपक जाती है।
सिर, सूंड, हाथ और मुकुट कैसे जोड़ें?
अब एक और छोटा गोला बनाकर उसे धड़ के ऊपर जोड़ दो जो बप्पा का सिर बनेगा। इसके बाद मिट्टी का एक पतला टुकड़ा लेकर उसे हल्का सा गोल करते हुए सूंड का आकार दो और सिर के नीचे मुंह वाली जगह पर जोड़ दो। सूंड को आप अपनी पसंद के अनुसार बाएं या दाएं तरफ थोड़ा सा मोड़ भी सकते हैं। बप्पा के हाथों के लिए मिट्टी के छोटे-छोटे टुकड़े बनाकर उन्हें धड़ के दोनों तरफ जोड़ दो। कान बनाने के लिए मिट्टी की छोटी और पतली पट्टी बनाकर उन्हें सिर के दोनों तरफ थोड़ा सा गोल करके लगा दो। सबसे ऊपर मिट्टी का एक छोटा सा तिकोना डिजाइन बनाकर बप्पा का मुकुट लगा दो।
यह भी पढ़ें: FASTag बंद करना है? बैलेंस रिफंड का आसान तरीका जानिए
मूर्ति को सुखाना और रंग कैसे करें?
जब मूर्ति पूरी तरह से बन जाए तब उसे किसी छांव वाली जगह पर एक से दो दिन के लिए सूखने के लिए रख दो। जब मिट्टी पूरी तरह सूख जाए तब आप उस पर हल्दी, चंदन या पानी में घुले हुए प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल कर सकते हो जिससे पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। इस तरह आपका घर पर ही बिल्कुल साफ और प्राकृतिक गणेश जी का रूप तैयार हो जाएगा।