लोग पहले दूध, दही , घी जैसा देसी खाना खाते थे, जिससे शरीर को ताकत मिलती थी। अब बाजार से आने वाली मिलावटी चीजें जैसे शुगर, मैदा, तेल और नमक आदि का सेवन ज्यादा किया जाने लगा है। इन चीजों को अधिक मात्रा में सेवन शरीर को धीरे-धीरे अंदर से मार रहा है। हम आपको ऐसी ही कुछ चीजों के बारे में बता रहे हैं जो न केवल आपको कमजोर कर रही हैं बल्कि जानलेवा बीमारियों की तरफ धकेल रही हैं।
आजकल लोगों के खाने के लिए बहुत सी चीजे हैं लेकिन फिर भी लोग कमजोर हैं। थकान, कमजोरी, खून की कमी, हड्डियों में कमजोरी, कुछ ऐसे लक्षण हैं जिससे लगभग सभी पीड़ित हैं। खराब जीवनशैली और गलत खान-पान की वजह से डायबिटीज, मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट डिजीज, कोलेस्ट्रॉल , एनीमिया और विटामिन की कमी जैसी बीमारियां आम हो गई हैं। आजकल के लोगों में बुढ़ापे के लक्षण 30 साल की उम्र से ही शुरू हो जा रहे हैं। थोड़ा सा काम करते ही शरीर में थकावट और चुस्ती खत्म हो जाती है। लोग शारीरिक रूप से कमजोर होते जा रहे हैं। आइए जानते हैं कि किन चीजों को खाने से इस तरह की समस्याएं बढ़ रही हैं।
नूडल्स
पैकेज्ड स्नैक्स, इंस्टेंट नूडल्स और प्रोसेस्ड फूड्स में अक्सर सोडियम की मात्रा ज्यादा होती है, जिससे हाई ब्लड प्रेशर का खतरा बढ़ता है। इससे किडनी रोग और हार्ट फेलियर का खतरा भी होता है। चिप्स और कुकीज में आमतौर पर शुगर और फैट ज्यादा होते हैं। इन खाद्य पदार्थों से पुरानी सूजन, मोटापा और पोषक तत्वों की कमी होती है।
ज्यादा शुगर वाली चीजें
केक, पेस्ट्री, कुकीज, बिस्कुट, आइसक्रीम, बर्गर और ब्रेड जैसी चीजों में ट्रांस फैट पाया जाता है। केक, पेस्ट्री वाली चीजों में शुगर की मात्रा ज्यादा होती है। ये खराब कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाते हैं और अच्छे कोलेस्ट्रॉल को कम करते हैं। इनसे हार्ट डिजीज, सूजन और टाइप 2 डायबिटीज का खतरा होता है। आर्टिफिशियल स्वीटनर का आंतों पर भी असर पड़ता है। इससे वजन बढ़ने और कुछ तरह के कैंसर के होने का खतरा भी बढ़ सकता है।
रिफाइंड से तली चीजें
आजकल मैदा का इस्तेमाल बहुत ज्यादा किया जाता है। सफेद ब्रेड, पेस्ट्री और पास्ता, समोसे जैसी चीजें मैदा से बनती हैं और ये सब चीजें तली हुई होती हैं। इनमें कोई पोषक तत्व और फाइबर नहीं होते हैं। ये ब्लड शुगर बढ़ाने और दिल के लिए खतरनाक होती हैं। इनके ज्यादा सेवन से इंसुलिन रेसिस्टेंट और वजन बढ़ना बढ़ सकता है। फ्रेंच फ्राइज, फ्राइड चिकन और अन्य तले हुए खाद्य पदार्थ ट्रांस फैट्स और एक्रिलामाइड पैदा कर सकते हैं। इनके नियमित सेवन से हार्ट डिजीज, मोटापा और कुछ प्रकार के कैंसर का खतरा बढ़ता है।