स्टैनफोर्ड (Stanford) यूनिवर्सिटी ने दुनिया के टॉप 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में भारत के लिए भी अच्छी खबर आई है, क्योंकि लिस्ट में 23 भारतीय वैज्ञानिक और सर्जनों के नाम भी शामिल हैं। ये सभी देश के अलग-अलग मेडिकल संस्थानों, अस्पतालों और यूनिवर्सिटी से जुड़े हैं। इस लिस्ट में लिवर ट्रांसप्लांट, कैंसर सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी और आधुनिक सर्जरी के क्षेत्र में काम करने वाले कई बड़े नाम शामिल हैं।
यह लिस्ट स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर जॉन पीए इयोनिडिस और एल्सवियर डेटा रिपॉजिटरी के सहयोग से तैयार की गई है। इसमें वैज्ञानिकों के रिसर्च पेपर पर मिले साइटेशन और दूसरे रिसर्च आंकड़ों को आधार बनाया गया है। आसन भाषा में समझें तो उन लोगों को इस लिस्ट में जगह दी गई है जिनकी रिसर्च को दुनियाभर में रिसर्चर्स ने अपनी रिसर्च में इस्तेमाल किया है।
यह भी पढ़ें: पोस्ट ऑफिस ATM से रोज निकाल सकेंगे ₹25 हजार, क्या-क्या बदला?
किन भारतीयों को मिली जगह?
इस लिस्ट में सबसे पहले डॉ. पंकज के. गर्ग (गर्ग फिस्टुला रिसर्च इंस्टीट्यूट), डॉ. चेतन डी. परमार (अपोलो हॉस्पिटल्स एजुकेशनल एंड रिसर्च फाउंडेशन), डॉ. वीके कपूर (महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल), डॉ. मोहम्मद एस. रेला (वीएचएस मेडिकल सेंटर इंडिया), डॉ. शैलेश विनायक श्रीखंडे (टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल), डॉ. प्रशांत भंगुई (मेदांता-द मेडिसिटी), डॉ. सुरजीत भट्टाचार्य (अजंता हॉस्पिटल) और डॉ. रमेश कुमार शर्मा (पीजीआईएमईआर चंडीगढ़) शामिल हैं। इनमें डॉ. पंकज गर्ग फिस्टुला के ट्रीटमेंट के लिए जाने जाते हैं। वहीं, डॉ. मोहम्मद एस. रेला ने सिर्फ 5 दिन के बच्चे का लिवर ट्रांसप्लांट किया था, जिसके लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। डॉ. चेतन परमार को हजारों सर्जरी और रोबोटिक सर्जरी का एक्सपीरियंस है।
पहले भी मिल चुके सम्मान
इसके अलावा डॉ. चिन्नुसामी पलानिवेलु (जीईएम हॉस्पिटल, कोयंबटूर), डॉ. सोमप्रकाश बसु (एम्स ऋषिकेश), डॉ. गौरव के. अग्रवाल (एसजीपीजीआईएमएस लखनऊ), डॉ. महेश चंद्र मिश्रा (एम्स नई दिल्ली), डॉ. विरिंदर कुमार बंसल (एम्स नई दिल्ली), डॉ. प्रदीप के. चौबे (मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, दिल्ली) और डॉ. समीरन नंदी (सर गंगाराम हॉस्पिटल) को भी इस लिस्ट में जगह मिली है। डॉ. पलानिवेलु साउथ इंडिया में लैप्रोस्कोपिक सर्जरी को आगे बढ़ाने के लिए जाने जाते हैं। वहीं, डॉ. प्रदीप चौबे को साल 2002 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। डॉ. समीरन नंदी की टीम ने 1996 से 2005 के बीच 241 लिवर रिसेक्शन किए थे।
इन डॉक्टरों ने भी बनाई जगह
इस लिस्ट में आगे डॉ. धनंजय बी. शर्मा (नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल), डॉ. सुब्रमणिया कुलाथु अय्यर (अमृता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज), डॉ. पवन अग्रवाल (एनएससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल), डॉ. विनयेंद्र पमेचा (इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज), डॉ. अश्विन राममोहन (भारत इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च), एस. रंजन कुमार (इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज), अरुण कुमार प्रसाद सिंह (जामिया मिलिया इस्लामिया) और मनीष धवन (पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी) शामिल हैं। डॉ. अय्यर प्लास्टिक और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के साथ रोबोटिक सर्जरी के फील्ड में काम करते हैं। डॉ. पमेचा लिवर ट्रांसप्लांट और उससे जुड़ी सर्जरी के एक्सपर्ट हैं। वहीं, मनीष धवन ने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से माइक्रोबायोलॉजी में ग्रेजुएशन और पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-पटना समेत कई रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल
किन कामों के लिए आया नाम
इस लिस्ट में शामिल सभी 23 लोगों का रिसर्च फील्ड सर्जरी है। इनके काम में कैंसर, लिवर ट्रांसप्लांट, डाइजेस्टिव सिस्टम, प्लास्टिक सर्जरी और मेडिकल साइंस से जुड़ी दूसरी रिसर्च शामिल हैं। यह उपलब्धि दिखाती है कि भारतीय डॉक्टर और साइंटिस्ट इलाज के साथ-साथ नई टेक्नोलॉजी और रिसर्च के जरिए भी दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं।