आज का मौसमः UP- हरियाणा में कोहरे और ठंड की मार, दिल्ली में 400 पार AQI
देशभर में लगातार ठंड बढ़ती जा रही है। उत्तर भारत में कई राज्यों में शीतलहर का असर रहेगा और कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

हाथ तापते लोग, Photo Credit: PTI
उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों मे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है, जिसके कारण आने वाले 2 से 3 दिनों में तापमान में और ज्यादा गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान समेत कई राज्यों में शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। वहीं, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी बहुत कम है, जिसके कारण बीते कुछ दिनों में कई सड़क दुर्घटानाएं भी हुई। कोहरे के कारण सफर करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर में कोहरे, ठंड के साथ-साथ प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले तक सर्दी का एहसास सिर्फ रात में होता था लेकिन अब दिन में भी ठिठुरन बनी रहती है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले तीन से चार दिनों के दौरान दिन के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। कुछ दिन पहले तक अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस बना हुआ था, लेकिन आज यह घटकर 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आज 19 दिसंबर की सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर में कोहरा छाया हुआ है, जिसके कारण सुबह ऑफिस जाने वालों को दिक्कत हो रही है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग ने घने कोहरे की आशंका को देखते हुए अगले दो दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर के लोग प्रदूषण की मार भी झेल रहे हैं।
यह भी पढ़ें-- 100 की बजाय 125 दिन मजदूरी; मनरेगा बनाम VB-G RAM G... कितना फर्क?

400 पार AQI
एक तरफ ठंड और कोहरा तो दूसरी तरफ प्रदूषण ने दिल्ली वालों को परेशान किया है। दिल्ली में प्रदूषण के कारण लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। तमाम कोशिशों के बावजूद दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स कई इलाकों में 400 पार पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली के अक्षरधाम में AQI 420 दर्ज किया गया है। इसके अलावा कई इलाकों में AQI 400 पार बना हुआ है। कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट ने ग्रैप-4 की पाबंधियां लगा दी है लेकिन फिल भी दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण कम नहीं हो रहा है।
https://twitter.com/ANI/status/2002168697432260773
उत्तर प्रदेश-बिहार का हाल
उत्तर प्रदेश में ठंड से लोग अब परेशान आ चुके हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि अगले कुछ दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में घना से लेकर बहुत घना कोहरा छा सकता है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। घने कोहरे के कारण मौसम विभाग ने कल उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया था लेकिन आज ज्यादातर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें-- 2 साल में 24% बढ़े बिना बच्चों वाले स्कूल, बंगाल और तेलंगाना सबसे फिसड्डी

बिहार में भी यूपी की तरह ही कोहरे और ठंड का असर दिखाई दे रहा है। आज बिहार के अधिकतर इलाकों में शीतलहर का असर बना रहने और घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे सर्दी की तीव्रता और बढ़ेगी। अगले दो दिनों के दौरान पटना, वैशाली, समस्तीपुर, पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज, सीवान, सारण, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, कटिहार, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जिलों में मध्यम से लेकर घने कोहरे के छाए रहने का अनुमान है।
इन राज्यों में रहेगा अलर्ट
मौसम विभाग ने घने कोहरे और ठंड को देखते हुए क्षेत्रवार अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश में येलो अलर्ट रहेगा। इसके साथ ही तेलंगाना, कर्नाटक में कई इलाकों में कोल्ड डे रहेगा। मौसम विभाग ने घने कोहरे के कारण भी सतर्क रहने की सलाह दी है। 24 और 25 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की प्रबल संभावना बनी हुई है। खास तौर पर 21 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग ने घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाएं बढ़ने की आशंका जताई है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में बिजली सप्लाई पर असर पड़ने की भी बात कही है। उत्तराखंड में हरिद्वार और उधम सिंह नगर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पंजाब के अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, पटियाला और संगरूर जिलों में भी यही चेतावनी लागू है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap


