आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री
अरविंद केजरीवाल
ने शुक्रवार को राम मंदिर में दान के गबन और आभूषणों की चोरी के मामले में दर्ज FIR को 'धोखा' करार दिया। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि इस मामले में सिर्फ छोटे लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि 'बड़े लोगों' को बचाया जा रहा है। केजरीवाल का साधी इशारा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय की और था।
अरविंद केजरीवाल अयोध्या में हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूपी के मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ
के ऊपर भी निशाना साधा।
यह भी पढ़ें: मनुस्मृति का श्लोक, SIR, चुनाव आयोग की तारीफ, NCERT की नई किताब में क्या-क्या है
केजरीवाल ने उठाए गंभीर सवाल
हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद केजरीवाल ने कहा, 'आज मैंने सभी की खुशी और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मैंने राम मंदिर में दान के गबन, बड़े घोटाले और भगवान को चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के संबंध में मैंने प्रार्थना की कि जो कोई भी इस 'महापाप' का दोषी है, उसे भगवान से कड़ी से कड़ी सजा मिले।'
उन्होंने कहा, 'जो FIR दर्ज की गई है, वह सिर्फ दिखावा और धोखा है। इस मामले में आठ छोटे कर्मचारियों को गिरफ़्तार किया गया है। यह घोटाला इतने लंबे समय से चल रहा था। यह साफ है कि अकेले छोटे कर्मचारी इतने लंबे समय तक ऐसी हरकत नहीं कर सकते थे। इस घोटाले के तार बहुत ऊपर तक जुड़े हैं, लेकिन बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है और सारा दोष इन छोटे कर्मचारियों पर मढ़ा जा रहा है।'
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान 6 जवानों ने दिया था बलिदान, पहली बार सरकार ने माना
सीएम योगी का केजरीवाल पर हमला
इससे पहले दिन में सीएम योगी ने केजरीवाल के ऊपर आरोप लगाया था कि दिल्ली की जनता ने उन्हें 15 वर्षों तक मौका दिया, लेकिन उन्होंने देश की राजधानी को बर्बादी और भ्रष्टाचार के सिवाय कुछ नहीं दिया। देवरिया जिले में एक सभा में केजरीवाल पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा, 'दिल्ली से भी आज एक सज्जन (अरविंद केजरीवाल) अयोध्या आए हैं और मैं उनसे भी कहना चाहूंगा कि दिल्ली की जनता ने उन्हें 15 वर्षों तक अवसर दिया, लेकिन दिल्ली को उन्होंने बर्बादी और भ्रष्टाचार के सिवाय कुछ नहीं दिया।'
केजरीवाल का योगी का जवाब
इसका जवाब देते हुए केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर सीएम योगी के लिए कहा कि वह चंदा चोरों का साथ दे रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि यही चंदा चोर सीएम योगी आदित्यनाथ की कुर्सी छीन लेंगे। उन्होंने कहा, 'महाराज जी। आप चंदा चोरों का क्यों साथ दे रहे हो? ये चंदा चोर आपको भी हटाने का षड्यंत्र कर रहे हैं। आपकी कुर्सी भी नहीं छोड़ेंगे। भगवान राम के घर हुई महा डकैती के राक्षसों को सरे आम फाँसी दिलवाने के मेरे संघर्ष में आप मेरा साथ दीजिए। इस महापाप में भागीदार मत बनिए।'