भारतीय वायुसेना आज यानी 25 अक्टूबर को अपनी 94वीं वर्षगांठ मना रही है। आज वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के तीन दिवसीय एयर शो का समापन होगा। 'विंग्स ओवर गंगा' नाम के इस एयर शो में प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिती होगी। रक्षा मंत्री
राजनाथ सिंह
भी इस कार्यक्रम के हिस्सा होंगे। आज गंगा के किनारे बनाए नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टर अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। इस एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और तेजस जैसे स्वदेशी विमान शामिल होने वाले हैं। इसके अलावा प्रचंड लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर और परिवहन विमानों का भी प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम के दौरान सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी करतब दिखायेंगी।
इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ
भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। एयर शो में भारतीय वायुसेना के पायलट विमानों को अलग-अलग तरीके से उड़ाकर अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। पिछले दो दिन से चल रहे इस एयर शो में को देखने के लिए लाखों लोग पहुंचे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्यक्रम में देश के 12 एयरबेस से उड़ान भरकर 100 विमान इस शो में शामिल होंगे। साथ ही कार्यक्रम में 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान और 32 हेलीकॉप्टर शामिल होने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: वाराणसी-दिल्ली स्लीपर वंदे भारत 31 अक्टूबर से होगी शुरू, जानें किराया और स्टॉपेज
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री और अन्य बड़े नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नमो घाट और गंगा किनारे के दूसरे घाटों के साथ वीवीआईपी के आने-जाने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। बड़ी संख्या में लोगों के एयर शो देखने पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा है कि पूरे वाराणसी की सुरक्षा को बढ़ा दी गई है। इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। पूरे वाराणसी क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वीवीआईपी के आने-जाने वाले रास्तों, कार्यक्रम स्थल और संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इन इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। एयर शो और प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वीवीआईपी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आम लोगों की सुविधा, सुरक्षित आवाजाही और भीड़ को नियंत्रित करने पर भी प्राथमिकता देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।- मोहित अग्रवाल, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर
यह भी पढ़ें: 31 साल पहले बिछड़ा पिंटू, अब्दुल जब्बार बनकर लौटा घर; मां ने कैसे पहचाना?
वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ का आयोजन
भारतीय वायुसेना की स्थापना 8 अक्टूबर 1932 को हुई थी। गुलाम भारत में इसे रॉयल इंडियन एयर फोर्स के नाम से स्थापित किया गया था। साल 2026 में वायुसेना अपनी 94वीं वर्षगांठ मना रही है। वायुसेना ने अलग-अलग मौकों पर अपने शौर्य का पहचम लहराया है।