अमूल ब्रांड के दूध की कीमतें कल यानी 12 नवंबर से 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ जाएंगी। गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (GCMMF) ने बुधवार को कीमतें बढ़ाने का एलान किया। यही कंपनी अमूल नाम से दूध और उससे बने उत्पाद बेचती है। एक बयान में कंपनी ने कहा कि देशभर में अमूल दूध की कीमतों में 4 से 5 फीसद तक का इजाफा किया गया है। दूध उत्पादन की लागत में इजाफा के कारण यह कदम उठाना पड़ा है।
कंपनी के मुताबिक यह इजाफा अमूल के फ्रेश पाउच दूध की कीमतों में किया गया है। अमूल ताजा टोन्ड दूध की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर और अमूल गोल्ड दूध अब 4 रुपये प्रति लीटर महंगा मिलेगा। कंपनी ने बताया कि पशुओं का चारा, पशु आहार, पैकेजिंग सामग्री और ईंधन की कीमतों में वृद्धि हुई है। इससे दूध उत्पादन महंगा हुआ है। इसी कारण मूल्य बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कीमतों में इस बदलाव से दूध उत्पादकों को बेहतर रिटर्न मिलेगा। बढ़ी कीमत का एक बड़ा हिस्सा वापस किसानों तक पहुंचेगा। बता दें कि इससे पहले मई में अमूल दूध की कीमतों में इजाफा किया गया था।
यह भी पढ़ें: छठ पर रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें, दिल्ली से आज 31 और कल 29 ट्रेनें रवाना होंगी
सबसे अधिक बिकने वाले अमूल ताजा टोंड दूध (तीन प्रतिशत वसा) की कीमत में केवल दो रुपये प्रति लीटर (3.3 प्रतिशत) और अमूल गोल्ड दूध (छह प्रतिशत वसा) की कीमत में चार रुपये प्रति लीटर (5.5 प्रतिशत) की वृद्धि की गई है। - जीसीएमएमएफ।
जीसीएमएमएफ ने कहा कि गुजरात और देशभर के कई हिस्सों में अनियमित और कम बारिश के कारण चुनौतीपूर्ण हालात में हमें दूध की खुदरा कीमतें बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा है। इसके पीछे का मकसद अपने दूध उत्पादकों को बेहतर कीमत देना है। हमसे जुड़े सदस्य संघों ने पिछले एक साल में किसानों के दूध खरीद की कीमतों में चार से पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। कीमतों में इस बढ़ोतरी से किसानों को और मदद मिलेगी।
कंपनी ने बताया कि अमूल की सहकारी व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं से मिलने वाले राजस्व का 80 प्रतिशत हिस्सा 36 लाख दुग्ध उत्पादकों को दिया जाता है। दूध की खुदरा कीमतों में हुई वृद्धि का बड़ा हिस्सा दूध उत्पादकों को मिलेगा और उन्हें दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।
यह भी पढ़ें: इशाक डार के पोते समेत 8 के खिलाफ आरोप तय, विदेश महिलाओं से किया था गैंगरेप
नए बदलाव के बाद अब अमूल टोन्ड मिल्क अमूल ताजा अब 62 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं फुल-क्रीम मिल्क अमूल गोल्ड 80 रुपये लीटर मिलेगा। अमूल से पहले ही मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में बदलाव किया है।