56% महिलाएं और 46 फीसदी किशोरियां एनीमिया की शिकार, सिर्फ आयरन की कमी वजह नहीं
देश में एनीमिया एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, 56 फीसदी महिलाएं और 10 से 19 साल की 46.3 फीसदी लड़कियां एनीमिया से पीड़ित हैं। इसके पीछे केवल आयरन की कमी ही नहीं है।

सांकेतिक तस्वीर, Photo Credit-ChatGPT
देश में एनीमिया एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, 56 फीसदी महिलाएं और 10 से 19 साल की 46.3 फीसदी लड़कियां एनीमिया से पीड़ित हैं। यह सर्वे ICMR के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन ने 2023 से 2025 के बीच किया, जिसमें 183 जिलों, 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 2 लाख से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया। इस सर्वे के दौरान 1.7 लाख से ज्यादा ब्लड सैंपल का विश्लेषण किया गया। इसमें बच्चों, किशोरों, महिलाओं, गर्भवती महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों की पोषण स्थिति का अध्ययन किया गया है।
हालांकि, एनीमिया की समस्या को सिर्फ आयरन की कमी से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। रिपोर्ट में महिलाओं और किशोरियों में विटामिन B12 की कमी भी बड़े स्तर पर दर्ज की गई है। विटामिन B12 की कमी होने पर एनीमिया हो सकता है। ऐसे में इसके कारणों को समझना भी बेहद जरूरी है।
यह भी पढ़ें: दूसरे देश के लिए जासूसी करता था अधिकारी, चीन ने सुनाई मौत की सजा
पहले समझिए एनीमिया और आयरन की कमी
आमतौर पर लोग एनीमिया और आयरन की कमी को अक्सर एक ही समझ लेते हैं। हालांकि, इन दोनों में फर्क समझना जरूरी है। एनीमिया को आम भाषा में खून की कमी कहा जाता है। यह ऐसी स्थिति है जिसमें शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर उम्र, लिंग और शारीरिक स्थिति के हिसाब से तय मानक से कम हो जाता है। वहीं दूसरी ओर आयरन की कमी का मतलब है कि शरीर में पर्याप्त मात्रा में आयरन मौजूद नहीं है।
आयरन शरीर में मौजूद एक जरूरी पोषक तत्व है, जिसकी मदद से शरीर हीमोग्लोबिन बनाता है। हीमोग्लोबिन लाल रक्त कोशिकाओं में मौजूद होता है और फेफड़ों से शरीर के दूसरे हिस्सों तक ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। आसान भाषा में कहें तो एनीमिया खून में हीमोग्लोबिन का स्तर कम होना है और आयरन की कमी की स्थिति शरीर में आयरन का कम होना। आयरन की कमी एनीमिया की एक वजह हो सकती है, लेकिन एनीमिया होने का मतलब हमेशा आयरन की कमी होना नहीं है।
आंकड़े क्या बताते हैं?
ICMR-NIN की SAMAPADA (2023-25) रिपोर्ट के मुताबिक, देश में एनीमिया का बोझ महिलाओं और किशोरियों पर सबसे ज्यादा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो 15 से 49 साल की 55.9 फीसदी महिलाओं और 10 से 19 साल की 46.3 फीसदी किशोरियों में एनीमिया पाया गया। गर्भवती महिलाओं में यह आंकड़ा 43.6 फीसदी और स्तनपान कराने वाली महिलाओं में 58.1 फीसदी रहा। वहीं, 12 से 59 महीने के 41.8% बच्चे भी एनीमिया से पीड़ित मिले।

रिपोर्ट में साफ होता है कि एनीमिया की वजह सिर्फ आयरन की कमी नहीं है। 15 से 49 साल की महिलाओं में 57.4 फीसदी में विटामिन B12 और 6.4 फीसदी में फोलेट की कमी पाई गई। किशोरियों में विटामिन B12 की कमी 65.4 फीसदी और आयरन की कमी 36.3 फीसदी थी। यानी खून की कमी को समझने के लिए आयरन के साथ दूसरे पोषक तत्वों की स्थिति पर भी ध्यान देना जरूरी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर आयु वर्गों में एनीमिया के आधे से अधिक मामले हल्के स्तर के हैं। गंभीर एनीमिया की दर अधिकतर समूहों में 2 फीसदी से कम रही। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले राष्ट्रीय सर्वे की तुलना में देश में एनीमिया की व्यापकता में कमी दर्ज की गई है।
आयरन, विटामिन 12 और फोलेट क्यों है जरूरी?
आमतौर पर ऐसा मान लिया जाता है कि एनीमिया की समस्या आयरन की कमी से ही होती है लेकिन ऐसा नहीं है। आयरन, विटामिन B12 और फोलेट तीनों शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व हैं, जो शरीर में खून बनाने से जुड़े हैं। हालांकि, तीनों का काम अलग-अलग है। शरीर में इनकी कमी होने पर लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण पर असर पड़ सकता है और एनीमिया यानी खून की कमी हो सकती है। आइए आसान भाषा में समझते हैं।
आयरन की कमी
आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने के लिए जरूरी होता है। हीमोग्लोबिन लाल रक्त कोशिकाओं में पाया जाने वाला एक तरह का प्रोटीन है, जो फेफड़ों से ऑक्सीजन लेकर शरीर के बाकी हिस्सों तक पहुंचाता है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि शरीर में आयरन कम होने पर पर्याप्त हीमोग्लोबिन नहीं बन पाता और शरीर के अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचने की क्षमता प्रभावित होती है।
लंबे समय तक अगर यह समस्या बनी रहे तो एनीमिया हो सकता है। इसके पीछे खाने में आयरन की कमी, शरीर से ज्यादा खून बहना, पीरियड्स में सामान्य से बहुत अधिक या लंबे समय तक खून बहने और गर्भावस्था के दौरान आयरन की बढ़ी हुई जरूरत जैसे कारण शामिल हैं।
विटामिन B12 की कमी क्या है?
शरीर में विटामिन B12 लाल रक्त कोशिकाएं बनाने और नसों को स्वस्थ रखने में मदद करता है। यह डीएनए बनाने के लिए भी जरूरी माना जाता है। शरीर में इसकी कमी से लाल रक्त कोशिकाओं का सामान्य विकास प्रभावित होता है। ऐसी स्थिति में कोशिकाएं असामान्य रूप से बड़ी हो सकती हैं और ठीक से काम नहीं कर पातीं। अगर लंबे समय तक कमी बनी रहे तो एनीमिया के साथ नसों से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं।
शरीर में इसकी कमी के कई कारण हो सकते हैं। जैसे खाने में B12 की कमी, खासकर पशु-आधारित खाद्य पदार्थ कम खाना, शरीर में इसका ठीक से अवशोषण न होना और पेट या आंतों से जुड़ी कुछ समस्याएं।
फोलेट की कमी
फोलेट यानी विटामिन B9 शरीर में नई कोशिकाएं बनाने और लाल रक्त कोशिकाओं के विकास के लिए जरूरी है। इसकी कमी से लाल रक्त कोशिकाओं का सामान्य निर्माण प्रभावित होता है और इससे भी लाल रक्त कोशिकाएं आकार में बड़ी हो सकती हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, लंबे समय तक कमी रहने पर एनीमिया हो सकता है। गर्भावस्था में फोलेट की पर्याप्त मात्रा खास तौर पर जरूरी है, क्योंकि यह बच्चे के मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के शुरुआती विकास में मदद करता है।
आयरन की कमी पर ध्यान देना काफी नहीं
कुल मिलाकर देखा जाए तो एनीमिया से निपटने के लिए सिर्फ आयरन की कमी पर ध्यान देना काफी नहीं है। शरीर में विटामिन B12 और फोलेट की पर्याप्त मात्रा भी जरूरी है। ICMR-NIN की रिपोर्ट बताती है कि महिलाओं और किशोरियों में इन पोषक तत्वों की कमी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में एनीमिया से निपटने के लिए संतुलित खानपान, पोषण के प्रति जागरूकता और समय पर जांच जरूरी है। साथ ही, यह समझना भी अहम है कि हर व्यक्ति में एनीमिया का कारण एक जैसा नहीं होता।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




