गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गुरुवार को ऐलान करते हुए कहा कि राज्य पुलिस और सीबीआई की एक जॉइंट टीम भगोड़े लूथरा भाइयों की कस्टडी लेने के लिए अगले कुछ दिनों में थाईलैंड जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी दोनों भाईयों को जल्द से जल्द गोवा लाया जाएगा।
गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में 6 दिसंबर की रात आग लग गई थी, जिसमें 25 लोगों की जलकर मौत हो गई थी। इसी बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब के सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा मालिक हैं। इस हादसे के तुरंत बाद लूथरा बंधु थाईलैंड के फुकेट भाग गए थे। गौरव और सौरभ लूथरा पर क्लब के ऑपरेशन में नियामक नियमों के उल्लंघन का आरोप है।
यह भी पढ़ें: PM मोदी ने ट्रंप को किया फोन, दोनों नेताओं की क्या बात हुई?
सीएम सावंत ने क्या कहा?
सीएम प्रमोद सावंत ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि नाइट क्लब में आग लगने के मामले में एक स्थानीय पंचायत अधिकारी को भी गिरफ्तार किया जाएगा क्योंकि वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। मुख्यमंत्री ने थाईलैंड में आरोपियों का पता लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को धन्यवाद दिया है।
लुकआउट सर्कुलर जारी
वहीं, सीएम सावंत ने बताया कि गोवा पुलिस ने लूथरा बंधुओं के लिए ‘लुकआउट सर्कुलर’ जारी किया, साथ ही ‘इंटरपोल ब्लू कॉर्नर’ नोटिस भी जारी किया गया और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से उनके पासपोर्ट रद्द करने का अनुरोध किया गया है।
यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग ने 6 राज्यों में बढ़ाई SIR की टाइमलाइन, आयोग का बड़ा फैसला
तीन सरकारी अधिकारियों निलंबित
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं दोबारा ना हो, इसके लिए सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आग लगने के बाद कथित तौर पर कर्तव्य में लापरवाही बरतने के लिए तीन सरकारी अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि उनमें से दो लोग - शमिला मोंटेइरो और सिद्धि हलर्नकर सहयोग कर रहे हैं।