देश के अधिकांश हिस्सों में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक शीतलहर और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बदलते मौसम के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, खासकर मैदानी इलाकों में घना कोहरा परेशानी का कारण बना हुआ है। मौसम विभाग ने फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं जताई है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के साथ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय रहने से ठंड और बढ़ने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी और मैदानी इलाकों में शीतलहर व घना कोहरा बने रहने की संभावना है। दिल्ली-NCR में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है।
यह भी पढ़ें- चिनाब रतले जल-विद्युत परियोजना को अपने लिए खतरा क्यों मानता है पाकिस्तान?
दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने बताया कि लगातार गिरते तापमान के कारण आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। इस सप्ताह और अगले सप्ताह की शुरुआत में पारा और नीचे जाने की संभावना है। मंगलवार (6 जनवरी) को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी पछुआ हवाओं के चलते राजधानी में भीषण ठंड महसूस की जा रही है।
यूपी- बिहार में कड़ाके की सर्दी
मैदानी इलाकों में सर्दी का असर साफ दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश और बिहार में कड़ाके की ठंड से लोग खासे परेशान हैं। कई इलाकों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश में इटावा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
कोहरे का कहर
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। कम दृश्यता के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और त्रिपुरा जैसे पूर्वी राज्यों में भी घने कोहरे का असर देखने को मिल रहा है।

शीतलहर का रेड अलर्ट
शीतलहर के कारण मैदानी इलाकों में रेड अलर्ट जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और झारखंड के अधिकतर हिस्सों में कोल्ड वेव का प्रभाव जारी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में लगातार गिरावट आएगी, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें-गजनवी, औरंगजेब और सरदार पटेल, सोमनाथ मंदिर ने 1000 साल में क्या-क्या देखा?
पहाड़ों पर बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग, गुलमर्ग और पहलगाम में हो रही बर्फबारी से सैलानियों में खुशी का माहौल है, हालांकि प्रशासन के सामने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती बढ़ गई है। वहीं, उत्तराखंड के कुछ इलाकों में पाला पड़ने की संभावना जताई गई है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
आज का मौसम
स्काईमेट वेदर के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में पाला पड़ने की आशंका है। अगले दो दिनों में पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है।