भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिल्ली में स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में बीजेपी के दिग्गज नेताओं के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में कई पत्रकार भी शामिल थे और कार्यक्रम के बाद अमित शाह ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत की। बताया जा रहा है कि इस बातचीत में अमित शाह ने एक बार फिर परिसीमन के मुद्दे को उठाया और कहा कि वह जल्द ही इस बिल को पास करवा लेंगे। इस पर अब कांग्रेस पार्टी की ओर से जवाब दिया गया है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर अमित शाह के इस दावे को लेकर लिखा है। उन्होंने कहा, 'गृह मंत्री ने आज पत्रकारों के एक समूह से अनौपचारिक बातचीत के दौरान एक बार फिर परिसीमन का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि जल्द ही संसद का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाया जाएगा। इस सत्र में परिसीमन से जुड़े विधेयकों को 15 से 18 वोटों के अंतर से पास करा लिया जाएगा।'
यह भी पढ़ें: बाप की हत्या का बदला लेने के लिए हिस्ट्रीशीटर को मारा? आरोपियों ने बताई वजह
कांग्रेस बोली ऐसा नहीं होने देंगे
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अपने पोस्ट में अमित शाह को पिछली बार मिली करारी हार को याद करवाया। उन्होंने लिखा, 'गृह मंत्री ने करीब सात महीने पहले भी ऐसा ही दावा किया था। लेकिन 17 अप्रैल को लोकसभा में उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था। उस समय सरकार 50 से ज्यादा वोटों के अंतर से जरूरी समर्थन हासिल करने में पीछे रह गई थी।'
अमित शाह पर कसा तंज
जयराम रमेश ने आगे गृह मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि वह बड़े-बड़े दावे करने और अपनी बातों से माहौल बनाने में माहिर हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार उनका बुलडोजर काम नहीं आया था और इस बार भी काम नहीं आने वाला है। कांग्रेस नेता के इस बयान से साफ है कि परिसीमन के मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच एक बार फिर टकराव देखने को मिल सकता है।