मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गायक दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद को लेकर मीका सिंह से फोन पर बात की है। CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसी भी प्रकार की गलतफहमी या मतभेद को बढ़ाने के बजाय उसे आपसी संवाद और सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठकर दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा हमेशा से ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना पर आधारित रही है। देवभूमि में देश और दुनिया भर से आने वाले सभी कलाकारों का हृदय से स्वागत और सम्मान किया जाता है।
मीका सिंह अपने भाई दलेर मेहंदी पर नशे में शो करने के आरोप से बेहद नाराज हैं। उन्होंने इस मामले में सीएम पुष्कर सिंह धामी से मंत्री सुबोध उनियाल पर एक्शन लेने की मांग की है। इसके साथ ही मीका ने सुबोध उनियाल से माफी मांगने को कहा है।
यह भी पढ़ें: क्राइम ब्रांच की पूछताछ में नहीं पहुंचे CJP नेता, दोबारा भेजा जा सकता है नोटिस
CM पुष्कर सिंह धामी ने क्या कहा?
CM धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'आज प्रसिद्ध गायक मीका सिंह से दूरभाष पर बातचीत की। दलेर मेहंदी जी से जुड़े विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गलतफहमी को आपसी संवाद और सौहार्द से दूर किया जाना चाहिए। देवभूमि उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भवः’ की हमारी महान परंपरा का संवाहक है। यहां सभी कलाकारों का सदैव हृदय से स्वागत और सम्मान है।'
मंत्री ने खुद दी सफाई, CM ने बताया
इससे पहले देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा, 'मंत्री सुबोध उनियाल ने खुद कल बताया था कि उन्हें उस व्यक्ति की खराब सेहत के बारे में जानकारी नहीं थी, उन्होंने खुद आगे आकर इस मामले पर अपनी बात रखी है। ये सभी प्रतिष्ठित कलाकार हैं।'
उन्होंने आगे कहा 'उत्तराखंड एक ऐसी भूमि है जो लेखकों, कलाकारों का समान रूप से सम्मान करती है। उस समय सार्वजनिक दबाव के कारण जो स्थिति बनी, इस बारे में सुबोध उनियाल खुद बयान जारी कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था। इसलिए, मुझे लगता है कि अब सभी को इस मामले को यहीं खत्म मान लेना चाहिए।'
मीका सिंह ने की थी एक्शन की मांग
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी के एक बयान पर मीका सिंह ने कहा, 'मैं उत्तराखंड आता हूं और आपके लिए बिल्कुल फ्री में शो करता हूं लेकिन उससे पहले आप अपने मंत्री जी से कहिए कि वे दलेर मेहंदी जी से माफी मांगें।'
उन्होंने कहा कि दलेर पाजी ने 1 घंटा 30 मिनट की परफॉर्मेंस दी थी और वहां मौजूद लोग उनके साथ डांस कर रहे थे। उन पर शराब पीकर परफॉर्म करने का आरोप लगाया, मैं वीडियो भेजता हूं। मीका सिंह ने कहा, 'आप देखिए कि वहां क्या हुआ था। अगर वीडियो में आपके मंत्री शराब पीकर आए हुए दिखाई देते हैं, तो फिर आप उनके खिलाफ क्या कार्रवाई करेंगे? मेरा आपसे सीधा सवाल है क्या नियम और जवाबदेही सबके लिए बराबर नहीं होनी चाहिए?'