मथुरा में दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह घना कोहरा जानलेवा साबित हुआ है। घने कोहरे की वजह से 5 बसें आपस में ऐसे टकराईं कि आग लग गई। 2 कारें भी क्षतिग्रस्त हुईं हैं। हादसे में कम से कम 4 लोगों की मौत हुई है, वहीं 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि सिर्फ 25 लोग घायल हुए हैं।
यमुना एक्सप्रेस वे पर रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। उत्तर प्रदेश की सड़कों पर घना कोहरा छाया है। इससे एक दिन पहले भी एक्सप्रेसवे पर कई गाड़ियां टकराईं थीं। बचाव टीम के लिए उतरे लोगों का कहना है कि यहां 50 मीटर दूरी पर भी कुछ नजर नहीं आ रहा था।
यह भी पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे पर कार और बसों में भिड़ंत, कई मौतें, जिंदा जले लोग
हादसे पर पीड़ितों ने क्या कहा है?
सूर्य कुमार यादव, यात्री:-
हम लोग मंत्री जी से मिलकर आ रहे थे। जा रहे थे दिल्ली। रास्ते में अंधेरा बहुत छाया हुआ था। दिखाई नहीं दिया। गाड़ी जोर से आवाज की। हम लोग डरकर गए। गेट खोलकर जैसे बाहर निकले, पिछड़े धड़ाधड़ गाड़ियां टकराती गईं। बसें लड़ रहीं थीं। कोहरा बहुत घना था। आग लगी तो सब लोग चिल्ला रहे थे, भाग रहे थे। हादसा कोहरे की वजह से हुआ था। कम से कम 50 गाड़ियां टकराईं हैं। सैकड़ों लोग घायल हैं, कम से कम 25 लोग मारे गए हैं। मेरे परिवार के भी एक सदस्य की मौत हुई है। हम प्रयागराज के रहने वाले हैं। मृतक का नाम अध्ययन यादव है।
एक अन्य चश्मदीद ने बताया, 'मैं सो रहा था। अचानक 4 बजे के आसपास एक जोरदार आवाज आई। फिर कई आवाजें आईं। बाहर देखा तो गाड़ियां आपस में टकरा रहीं थीं। हादसा तेज था। 3 से 4 गाड़ियां चलकर राख हो गईं हैं।'
यह भी पढ़ें: दिल्ली में भारी प्रदूषण, घने कोहरे की वजह से 228 फ्लाइट कैंसल, कई डायवर्ट
मथुरा के डीएम ने हादसे पर क्या कहा?
चंद्र प्रकाश सिंह, डीएम, मथुरा:-
यमुना एक्सप्रेसवे पर 127 मील पॉइंट पर एक गंभीर हादसा हुआ है। 5 बसें और 2 कारें आपस में टकरा गईं और उनमें आग लग गई, जिससे 25 लोग घायल हो गए और 4 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने तुरंत इस घटना का संज्ञान लिया और हमें बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर भेजा।
चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा है, 'सीएम ने निर्देश दिया है कि घायलों को सबसे अच्छा इलाज दिया जाए और जान गंवाने वालों के परिवारों को 2 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए कम विजिबिलिटी की स्थिति में गाड़ियों को कम स्पीड में चलाया जाए।'
हादसे पर पुलिस ने क्या कहा है?
सुरेश चंद्र रावत, पुलिस अधीक्षक, मथुरा ग्रामीण:-
यह हादसा एक्सप्रेसवे पर आगरा-नोएडा लेन पर माइलस्टोन 127 पर हुआ। तीन कारों की टक्कर हुई, जिसके बाद सात बसें उनसे टकरा गईं, जिनमें से 1 रोडवेज बस है और बाकी छह स्लीपर बसें हैं। मौके पर 11 फायर टेंडर मौजूद हैं। सभी बसों में आग लग गई थी और अब आग पर काबू पा लिया गया है। अब तक 4 शव बरामद किए गए हैं। बचाव कार्य जारी है।