उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड बनी हुई है। 13 जनवरी (मंगलवार) की सुबह घने से बहुत घने कोहरे और तेज ठंड के साथ शुरू हुई। दिन में मौसम आमतौर पर साफ और धूप वाला रह सकता है लेकिन ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान काफी गिर गया है, जिसको देखते हुए मौसम विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों के मौसम पर भी दिखेगा।
कुल मिलाकर पूरे क्षेत्र में ठंड का प्रकोप जारी है। पंजाब और हरियाणा में शीतलहर और घने कोहरे के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में मंगलवार और बुधवार को शीतलहर चल सकती है।
यह भी पढ़ें- साढ़े 4 साल बाद भी स्वीकार नहीं कर पा रहे किसान, नैनो यूरिया हिट है या फ्लॉप?
राज्यों का तापमान
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कई जगह न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। हिमाचल प्रदेश में तापमान 1 से 5 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर पारा 5 डिग्री से नीचे चला गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों में तापमान 5 से 10 डिग्री के बीच रहा।

दिल्ली का मौसम
दिल्ली में तापमान में और गिरावट देखी गई है। आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 12 जनवरी की रात शहर के कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति रही। नोएडा के लिए भी 13 जनवरी को शीतलहर का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
पंजाब और हरियाणा
पंजाब के अमृतसर, बल्लोवाल सौंखरी, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रही। हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस भटिंडा (पंजाब) में दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में भर्ती, पिछले हफ्ते 2 बार हुए थे बेहोश
अन्य राज्यों का हाल
उत्तराखंड के रुड़की, रोशनबाद, भगवानपुर, लक्सर और पंतनगर में भी कम विजिबिलिटी दर्ज की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। उत्तराखंड में कई जगह पाला पड़ने की स्थिति रही। पूर्वी राजस्थान में ठंडे दिन दर्ज किए गए। दक्षिण तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।

बारिश का अनुमान
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। 15 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। 15 से 18 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 17 और 18 जनवरी को पंजाब के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है।