दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी की सरकार बन गई है। नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को रामलीला मैदान में अपने मंत्रियों के साथ शपथ ली। शपथ के बाद शाम 7 बजे नई सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग हुई। इस मीटिंग में दो बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगी।
दिल्ली सचिवालय में कैबिनेट मीटिंग करने के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने मीटिंग में हुए फैसलों के बारे में जानकारी दी।
यह भी पढ़ें-- दिल्ली की महिला CM से BJP को देश में क्या फायदा होगा? समझिए
पहली मीटिंग में क्या फैसले हुए?
बीजेपी सरकार की पहली कैबिनेट में दो बड़े फैसले लिए गए। पहला- आयुष्मान भारत योजना को लेकर और दूसरा- CAG रिपोर्ट्स को लेकर।
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि विधानसभा के पहले ही सत्र में CAG की 14 रिपोर्ट को सदन में पेश किया जाएगा। दावा है कि केजरीवाल सरकार ने इन रिपोर्ट्स को पेश नहीं होने दिया था।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में भी अब केंद्र सरकार की योजना लागू होगी। इसके तहत हेल्थ इंश्योरेंस के लिए दिल्ली सरकार 5 लाख और केंद्र सरकार 5 लाख रुपये देगी। यानी कुल मिलाकर 10 लाख रुपये तक का इलाज फ्री हो सकेगा।
यह भी पढ़ें-- कभी सस्पेंड हुए, कभी मार्शलों ने निकाला, अब विजेंद्र गुप्ता बने स्पीकर
फैसलों का असर क्या होगा?
- आयुष्मान भारत योजनाः केंद्र सरकार ने 2018 में आयुष्मान भारत योजना शुरू की थी। दिल्ली में ये लागू नहीं हुई थी। अब यहां भी लागू होगी। इससे करीब 10 लाख परिवारों को फायदा होगा। साथ ही 70 साल से ज्यादा उम्र 10.65 लाख बुजुर्गों को सरकारी के साथ-साथ निजी अस्पताल में भी मुफ्त इलाज मिल सकेगा।
- CAG रिपोर्ट के पेश होने सेः सीएम रेखा गुप्ता ने साफ कर दिया है कि विधानसभा के पहले ही सत्र में CAG की 14 रिपोर्ट पेश की जाएंगी। इससे आम आदमी पार्टी की मुसीबतें बढ़ सकती हैं। इन रिपोर्ट्स में आबकारी नीति से हुए नुकसान से लेकर सीएम आवास के रेनोवेशन से जुड़ी जांच रिपोर्ट तक शामिल है। सीएम रेखा ने कहा कि आम आदमी पार्टी को जनता के एक-एक पैसों का हिसाब देना होगा।
महिलाओं को 2,500 रुपये कब से?
दिल्ली में बीजेपी ने महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का वादा किया था। पहली कैबिनेट मीटिंग में महिला समृद्धि योजना को लेकर कोई फैसला तो नहीं हुआ लेकिन इस पर चर्चा जरूर हुई। सीएम रेखा ने बताया कि इस पर आगे चर्चा की जरूरत है, क्योंकि बिना रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था किए योजना लागू नहीं हो सकती। हालांकि, शपथ से पहले रेखा गुप्ता ने दावा किया था कि 8 मार्च तक महिलाओं के खाते में पैसे पहुंच जाएंगे।
बाकी वादों का क्या?
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सभी वादों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 'विकसित दिल्ली' बनाने के लिए एक भी दिन बर्बाद नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी के सपने को पूरा करना दिल्ली के सभी 48 बीजेपी विधायकों की जिम्मेदारी है।' उन्होंने कहा, 'उनका मिशन विकसित दिल्ली का है, जिसे पूरा करने में लगातार काम किया जाएगा। एक भी दिन बेकार नहीं होगा। दिल्ली वालों से किया हर वादा पूरा करेंगे।'