logo

मूड

ट्रेंडिंग:

दिल्ली ट्रेड फेयर आज से आम लोगों के लिए खुला, टिकट ₹100 से शुरू; जानें डिटेल

दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहा ट्रेड फेयर आज से आम लोगों के लिए खुल गया है। लोग 27 नवंबर तक यहां घूमने और खरीदारी करने जा सकते हैं। टिकट की कीमत ₹100 से शुरू है।

दिल्ली ट्रेड फेयर में जाते आम लोगों की तस्वीर

ट्रेड फेयर में आम लोग, Photo Credit- Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

दिल्ली के भारत मंडपम में 45वां इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 14 नवंबर से चल रहा है। आज यानी 19 नवंबर से फेयर में आम लोगों की एंट्री शुरू हो गई है। 14 नवंबर से 18 नवंबर तक ट्रेड फेयर के शुरुआती 5 दिन बिजनेस विजिटर्स के लिए रखे गए थे। अब 19 नवंबर से 27 नवंबर तक यह फेयर आम लोगों के लिए खुला रहेगा। लोग यहां घूमने, खरीदारी करने और देश-विदेश के उत्पादों को देखने का मौका पा सकेंगे। 1979 में शुरू हुए इस फेयर की इस साल की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है। इस फेयर में देश-विदेश के उत्पाद देखने को मिलेंगे। यहां अलग-अलग राज्यों के खाने-पीने की चीजें होंगी। हस्तशिल्प की प्रदर्शनी भी लगेगी। व्यापार से जुड़ी प्रदर्शनियां लगेंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और नई तकनीक से जुड़ी चीजें भी देखने को मिलेंगी।

 

इस बार एंट्री टिकट की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। वयस्कों (18 वर्ष से ऊपर) के लिए टिकट की कीमत वीकडे में 100 रुपए और वीकेंड में 200 रुपए रखी गई है। वहीं, बच्चों के लिए टिकट 50 और 100 रुपए का होगा। आम लोगों के लिए फेयर का गेट रोजाना सुबह 10 बजे खुल जाएगा। फेयर शाम 7:30 बजे तक चलेगा। आखिरी एंट्री शाम 5:30 बजे तक होगी। बिजनेस विजिटर्स के लिए टिकट की कीमत 500 रुपए रखी गई थी। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग लोगों को वैध सरकारी पहचान पत्र दिखाने पर आम लोगों के लिए निर्धारित दिनों में मुफ्त एंट्री मिलेगी।

कौन से मेट्रो-स्टेशन हैं नजदीक?

भारत मंडपम पहुंचने के लिए सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन सबसे नजदीक है। यह ब्लू लाइन पर स्थित है। यहां उतरकर पैदल या स्थानीय परिवहन की मदद से ट्रेड फेयर पहुंचा जा सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों को जाम से बचने के लिए मेट्रो से सफर करने की सलाह दी है। ट्रेड फेयर में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग एंट्री गेट निर्धारित किए गए हैं। भैरों मार्ग की तरफ से गेट नंबर 3 और 4 और मथुरा रोड की तरफ से गेट नंबर 6 और 10 तक एंट्री कर सकते हैं। 

 

ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक आम लोगों के लिए पैदल एंट्री गेट 1, 4, 6 और 10 भी निर्धारित किए गए हैं। एग्जिट के लिए गेट नंबर 1, 4, 7, 9 और 10 का इस्तेमाल किया जा सकेगा। हालांकि, विजिटर्स को अपने टिकट पर दिए गए गेट और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करना होगा।

अपनी गाड़ी से कहां मिलेगी पार्किंग?

अगर आप अपनी गाड़ी से ट्रेड फेयर देखने जा रहे हैं तो इसके लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल कर सकते हैं। आप भैरों मार्ग-रिंग रोड टनल के रास्ते ITPO बेसमेंट पार्किंग पहुंच सकते हैं। वहीं, भैरों मंदिर पार्किंग आयोजन स्थल के पास है। इसके अलावा, प्रगति टनल और मथुरा रोड अंडरपास-4 के रास्ते भारत मंडपम बेसमेंट-2 पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर सकते हैं। ध्यान रखें कि ITPO परिसर के अंदर गाड़ियों की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। इसलिए गाड़ी लेकर सीधे परिसर में जाने की कोशिश न करें।

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी

ट्रेड फेयर में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 14 से 27 नवंबर तक के लिए एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान प्रगति मैदान के आसपास की सड़कों पर जाम लग सकता है। मथुरा रोड, भैरों मार्ग, रिंग रोड, शेरशाह रोड, पुराना किला रोड, भगवान दास रोड और तिलक मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव रहने की आशंका है।

 

ट्रैफिक पुलिस ने इन रास्तों से गुजरने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। मथुरा रोड और भैरों मार्ग पर गाड़ी रोकने और पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। मथुरा रोड पर डब्ल्यू-पॉइंट से सुब्रमण्यम भारती मार्ग के बीच यू-टर्न भी प्रतिबंधित रहेगा। कैब और ऑटो से आने वाले लोगों के लिए भैरों मार्ग के दोनों तरफ 25 पिकअप और ड्रॉप पॉइंट बनाए गए हैं। ट्रैफिक से जुड़ी मदद के लिए 1095 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

 

ऐसे करें ऑनलाइन टिकट बुक?

ट्रेड फेयर में जाने के लिए टिकट ऑनलाइन और दिल्ली मेट्रो के चुनिंदा स्टेशनों से खरीदे जा सकते हैं। इसके लिए IITF की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप की सुविधा दी गई है।

ऑनलाइन टिकट बुक करने के लिए:

  •  सबसे पहले booking.indiatradefair.com वेबसाइट पर जाएं।
  •  IITF 2026 एंट्री टिकट का विकल्प चुनें।
  •  मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें और OTP वेरिफाई करें।
  • अपनी तारीख और टिकट की कैटेगरी चुनें।
  • ऑनलाइन पेमेंट करें।
  • टिकट डाउनलोड करके उसका QR कोड अपने पास रखें।

इसके अलावा दिल्ली मेट्रो के 55 चुनिंदा स्टेशनों से भी टिकट खरीदे जा सकते हैं। ध्यान रहे कि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर ट्रेड फेयर के टिकट नहीं मिलेंगे।

ट्रेड फेयर में क्या-क्या देखने को मिलेगा?

इस साल ट्रेड फेयर में 3,500 से ज्यादा प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ 11 देशों की भागीदारी है। हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में बने स्टार्टअप पवेलियन में करीब 600 भारतीय स्टार्टअप अपने इनोवेशन दिखाएंगे। इनमें ड्रोन, हेल्थकेयर, कृषि, स्पेस और एजुकेशन से जुड़ी तकनीक शामिल हैं।

 

वहीं, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के तहत 21 राज्यों के स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और खानपान देखने को मिलेंगे। बच्चों और परिवारों के लिए 'प्लेवर्स@मंडपम' में इंटरैक्टिव डिजिटल अनुभव मिलेगा। फूड कोर्ट में 90 से ज्यादा आउटलेट होंगे, जहां अलग-अलग राज्यों और देशों के व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।

 

इंटरनेशनल पवेलियन में थाईलैंड, ईरान, नेपाल, चीन, UAE, श्रीलंका और बांग्लादेश समेत कई देशों के उत्पाद देखने को मिलेंगे। इसके अलावा, ट्रेड फेयर में 7 जगहों पर 87 सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कुछ खास कार्यक्रमों के लिए अलग से टिकट लेना होगा, जबकि अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सामान्य ट्रेड फेयर टिकट के साथ देखा जा सकेगा।

Related Topic:#Delhi Metro

और पढ़ें