दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। सड़कों पर घना कोहरा छाया है। कई जगहों पर शून्य दृश्यता की स्थिति है। दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे पर हालात ऐसे हैं कि 1 मीटर दूर भी कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। दिल्ली के निर्माण विहार से लेकर राजीव चौक और मयूर विहार फेज 1 तक ऐसा जैसा हाल नजर आ रहा है। सड़कों पर घना कोहरा छाया है।
मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर और मध्य भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने अभी छाया रहेगा। वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: सर्दी आ गई लेकिन ओस-कुहासा गायब क्यों? समझिए असली बात
किन राज्यों में छाया है कोहरा?
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में भीषण कोहरा छाया है। मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। उत्तर प्रदेश में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह सकती है। मंगलवार को सुबह कई जगहों पर दृश्यता बेहद कम रहने से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।
किन जगहों पर 50 मीटर दूर भी नहीं आ रहा कुछ नजर?
पिछले 24 घंटों में आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, रीवा जैसे शहरों में दृश्यता शून्य से 50 मीटर तक रही। दिल्ली के सफदरजंग में भी 200 मीटर दृश्यता दर्ज की गई है। दिल्ली और नोएडा में भी ऐसे ही हालात बने रह सकते हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में ग्रैप 4, क्या खुला है, कहां लगी पाबंदी, देखिए लिस्ट
क्या सावधानी बरतें?
- गाड़ी चलाते वक्त फॉग लाइट हमेशा ऑन रखें
- निकलने से पहले मौसम का हाल जान लें
- विंडशील्ड, साइड मिरर्स और लाइट्स को साफ रखें
- हेडलाइट्स को लो बीम पर रखें
- स्पीड कम रखें, सड़क की लेन मार्किंग्स पर ध्यान दें
- सुरक्षित दूरी बनाए रखें, विंडशील्ड वाइपर और डिफॉगर का इस्तेमाल करें
- जरूरी होने पर ही यात्रा करें
- रिफ्लेक्टिव जैकेट या टेप पहनें
दक्षिण भारत का हाल क्या है?
तेलंगाना और कर्नाटक में सोमवार और मंगलवार को भीषण शीतलहर की स्थिति रहेगी। कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 5-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।। सबसे कम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रायगढ़ और अंबिकापुर में दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग की आम लोगों को सलाह क्या है?
- ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें
- सिर, कान, हाथ और पैर ढकें
- गर्म पेय और पौष्टिक भोजन लें
- बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का विशेष ख्याल रखें
- हाइपोथर्मिया या फ्रॉस्टबाइट का खतरा बढ़ सकता है
दिल्ली-NCR में क्या है मौसम का हाल?
दिल्ली में सोमवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे, रात में हल्का कोहरा या धुंध रहेगी। अधिकतम तापमान 23-25 डिग्री और न्यूनतम 7-9 डिग्री के आसपास रहेगा। 15 से 17 दिसंबर तक आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह कोहरा रहेगा। हवा उत्तर-पश्चिम से चलेगी, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में और ज्यादा जहरीली हुई हवा, GRAP-4 लागू
देश के दूसरे राज्यों का हाल क्या है?
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 17 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करेगा, जिससे 18-19 दिसंबर को हल्की बर्फबारी की संभावना है। अंडमान-निकोबार में कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मछुआरों को 17 दिसंबर तक मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में न जाने की सलाह दी गई है
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?
अगले 3 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट हो सकती है, उसके बाद हल्की बढ़ोतरी होगी। बाकी हिस्सों में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। मौसम विभाग ने ठंड और कोहरे से बचाव के लिए सभी जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।