टेस्ला और स्पेसएक्स के CEO एलन मस्क ने एक बार फिर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारत में स्टारलिंक विवाद पर तंंज कसा है। एलन मस्क ने मुकेश अंबानी पर तंज कसते हुए कहा कि मुझे यह एहसास नहीं था कि आप ही भारत के असली बॉस हैं। इससे पहले मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि स्टारलिंक को 165 से अधिक देशों में लाइसेंस प्राप्त है, उनकी कंपनी पिछले पांच वर्षों से भारत सरकार के हर कानून और आवश्यकता का पालन कर रही है।
एलन मस्क ने सवाल करते हुए कहा था कि सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस शुरू करने के लिए सरकार के हर कानून और आवश्यकता का पालन करने के बावजूद भी भारत में स्टारलिंक को अब तक लाइसेंस क्यों नहीं मिला है।
यह भी पढ़ें: 'स्टारलिंक को भारत में रोका जा रहा है', एलन मस्क के दावे पर सरकार ने क्या कहा?
एलन मस्क ने मुकेश अंबानी को लेकर क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मस्क ने आरोप लगाते हुए पोस्ट किया और लिखा, 'डियर प्राइम मिनिस्टर अंबानी, कृपया मेरी माफी स्वीकार करें कि मुझे एहसास नहीं हुआ कि आप भारत के असली बॉस हैं। जाहिर है, आप भारत के महान लोगों का अपना मोनोपॉली वाला शोषण जारी रखना चाहेंगे लेकिन क्या आप फिर भी स्टारलिंक को मुकाबला करने की इजाजत देने पर विचार करेंगे?'
एलन मस्क ने आगे लिखा कि भारत के कई इलाके, जैसे सभी देशों में हैं, जहां इंटरनेट एक्सेस नहीं है, जिससे बच्चों को पढ़ाई का मौका नहीं मिल पाता और छोटे बिजनेस को ग्लोबल मार्केट में अपना सामान बेचने का मौका नहीं मिल पाता। स्टारलिंक उनकी ज़िंदगी को बेहतर बना देगा।
पहले भी एलन मस्क ने उठाया था सवाल
एक दिन पहले भी एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जवाब में सवाल उठाते हुए कहा था कि क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं? क्या सरकार भारतीय नागरिकों के हितों को छोड़कर कारोबारी समूहों को फायदा पहुंचाने वाली व्यवस्था को बचा रही है।
बता दें कि एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराती है। इससे उन इलाकों में इंटरनेट पहुंचाने की संभावना है, जहां ब्रॉडबैंड या मोबाइल नेटवर्क की पहुंच सीमित है।
भारत में स्टारलिंक की एंट्री को लेकर लंबे चर्चा लंबे समय से चल रही है। एलन मस्क का कहना है कि स्टारलिंक दूरदराज के इलाकों में इंटरनेट की कमी दूर कर सकती है। भारत में किसी भी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा को शुरू करने के लिए जरूरी सरकारी मंजूरियां और नियामकीय शर्तें पूरी करना जरूरी है, यहीं मामला अटक रहा है।