विवादों के बीच एक बार फिर से रविवार (21 जून) को मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी करवाई गई। आज हुई परीक्षा में 22 लाख बच्चों ने भाग लिया। आज दोपहर 2 बजे से शुरू हुई परीक्षा शाम 5.15 बजे खत्म हो गई। हालांकि, परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे बच्चे और उनके अभिभावक घबराए हुए थे। मगर परीक्षा केंद्रों से एग्जाम देकर निकले उम्मीदवारों ने बताया कि उनका पेपर कैसा गया।
इससे पहले 3 मई को आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक के बाद रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद रि-एग्जाम के लिए 21 जून की नई तारीख का ऐलान किया गया था। इस सबसे बड़ी मेडिकर परीक्षा को सही से करवाने के लिए सरकार और NTA कड़ी मेहनत की है।
पेपर फॉर्मूला-बेस्ड था-छात्र
पेपर खत्म होने के बाद छात्र अपनी राय बता रहे हैं कि पेपर कैसा आया था या उनका पेपर कैसा गया है। पुणे के एक परीक्षा केंद्र से एग्जाम देकर निकले छात्र ने कहा, 'एग्जाम आसान था। फिजिक्स काफी टफ था। बायोलॉजी आसान और फिजिक्स सामान्य था। यह पेपर फॉर्मूला-बेस्ड था। इस बार ज्यादा चेकिंग और फ्रिस्किंग हुई। चेकिंग के लिए मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल किया गया।
पिछली बार से अच्छा गया एग्जाम
इंदौर के परीक्षा केंद्र से एग्जाम देकर निकले एक छात्र ने बताया कि पिछली बार उसका पेपर अच्छा नहीं गया था लेकिन इस बार बढ़िया पेपर गया है। छात्र ने कहा, 'मेरा एग्जाम अच्छा गया है। पेपर मीडियम था। बायोलॉजी का एग्जाम अच्छा था। फिजिक्स लंबा था, लेकिन मैनेज किया जा सकता था।' वहीं, हैदराबाद की एक छात्र ने कहा कि पिछली परीक्षा की तुलना में यह कठिन थी। मगर, बताया कि इस बार की बायोलॉजी आसान थी।
'मेरी तैयारी बहुत अच्छी थी'
श्रीनगर में नीट यूजी री-एग्जाम खत्म होने के बाद एक छात्रा ने एग्जाम सेंटर से निकलते हुए कहा, 'पेपर बहुत अच्छा था। मेरी तैयारी बहुत अच्छी थी, बस फिजिक्स थोड़ी मुश्किल थी। बाकी, ओवरऑल सब ठीक था। ओवरऑल, यह एक अच्छा एक्सपीरियंस था।' तिरुवनंतपुरम के एक छात्र ने कहा, 'एग्जाम टफ था। यह मॉडरेट से टफ था। फिजिक्स टफ था। केमिस्ट्री हो सकती थी, लेकिन इसमें बहुत टाइम लगा। बायोलॉजी आसान थी।'
फिजिक्स का पेपर टफ आया
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के एक केंद्र से एग्जाम देकर निकली छात्रा ने बताया कि इस बार का पेपर पिछली बार से टफ था। उसने बताया कि बायोलॉजी आसान थी मगर, फिजिक्स और केमिस्ट्री मुश्किल थे। झारखंड के शहर रांची के एक छात्र ने एग्जाम सेंटर से निकलते हुए कहा, 'एग्जाम आसान से मॉडरेट था। बायोलॉजी आसान थी, केमिस्ट्री मॉडरेट थी और फिजिक्स पिछली बार से ज्यादा टफ थी।'