संयुक्त अरब अमीरात से इजरायल जा रही एक फ्लाइट ने इमरजेंसी कोड 7500 भेजा। इजरायल की एयरफोर्स तुरंत अलर्ट हुई। अपने फाइटर जेट को तुरंत विमान के पीछे भेजा, क्योंकि यह कोड फ्लाइट हाईजैकिंग का संकेत था। बाद में विमान की सऊदी अरब में सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई। जांच में दो पायलटों के बीच बहस और हाथापाई का मामला सामने आया है। हाईजैकिंग से जुड़े दावों को खारिज कर दिया गया। हालांकि इजरायली मीडिया में सामने आ रहीं रिपोर्ट्स हैरान करने वाली हैं। इजरायली मीडिया और अधिकारियों का दावा है कि 9/11 जैसे अटैक की साजिश थी।
- फ्लाईदुबई की फ्लाइट (FZ1073) दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही थी। विमान ने अचानक स्क्वॉड कोड 7700 प्रसारित किया। बाद में 7500 कोड भेजा गया। इसके मिलते ही इजरायल में हड़कंप मच गया। इजरायली एयरफोर्स के विमानों ने फ्लाइट को सऊदी अरब की तरफ मोड़ा। सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई। विमान में इजरायली नागरिक समेत 180 यात्री सवार थे।
- इजरायली अधिकारियों का दावा है कि 9/11 जैसे हमले की साजिश थी। एक बड़े हादसे को टाला गया है। इजरायली अधिकारियों का शक है कि विमान को अगवा करके जमीन से टकराने की साजिश रची गई थी। इजरायली मीडिया के मुताबिक टेकऑफ के करीब दो घंटे 15 मिनट बाद विमान अचानक हवा में गोता लगाने लगा। 34000 फुट की ऊंचाई से अचानक 17000 फुट पर आ गया। बाद में थोड़ा संभला और 21650 फुट की ऊंचाई पर पहुंचा। थोड़ी देर बाद विमान ने दोबारा गोता लगाया और अबकी 14000 फुट की ऊंचाई पर आ गया।
- घटना के बाद इजरायल ने तुरंत अपना एयरस्पेस बंद कर लिया। हालांकि बाद में खोल दिया। सऊदी अरब से इजरायली नागरिकों को लाने के लिए फ्लाईदुबई ने एक अन्य जहाज भेजा है। उधर, इजरायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ और आईडीएफ के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर ने सैन्य विमान भेजने पर चर्चा की, ताकि इजरायली नागरिकों को वापस लाया जा सके।
- एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने चैनल 12 को बताया कि विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने के इरादे से को-पायलट ने विमान पर कंट्रोल पाने का प्रयास किया। हमलावर पायलट ओमानी नागरिक बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति के कमीज पर खून लगा है। दावा किया जा रहा है कि एक पायलट ने दूसरे पर चाकू से हमला किया और विमान को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। एक महिला यात्री ने बताया कि एक शख्स ने चाकू से पायलट पर हमला किया और उसे फर्श पर गिरा दिया। वहां हर जगह खून फैला था।
- विमान में पायलटों की एक अन्य टीम मौजूद थी। उस टीम ने ही विमान को हाइजैक होने से बचाया। चैनल 12 ने एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारियों के हवाले से बताया कि अगर पायलट विमान में नहीं होते तो यह घटना 11 सितंबर 2001 के हमले या 1976 के एंटेबे बंधक जैसी हो सकती थी। विमान में सवार इजरायली यात्रियों ने अन्य पायलट की मदद से हमलावर को-पायलट को काबू किया।