पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान के बीच पूर्व सीएम और कैंपेन कमेटी के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी ने गुरुवार को नई दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से मुलाकात की। बैठक के बाद चन्नी ने कहा कि हम पार्टी के प्रति समर्पित हैं और पार्टी लाइन का पालन किया जाएगा। पंजाब कांग्रेस में मची खींचतान के बीच हाईकमान के साथ चन्नी की मुलाकात और उनका यह बयान बेहद अहम है। बता दें कि पंजाब कांग्रेस में मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के बीच सियासी खींचतान चल रही है।
नई दिल्ली में चरणजीत सिंह चन्नी की मुलाकात संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से हुई। चन्नी ने
राहुल गांधी
को अपना नेता बताया और कहा कि हाईकमान के सामने अपनी बात रखी है। पार्टी का जो भी फैसला होगा, उसे माना जाएगा। हमारा मकसद किसी को नीचा दिखाना नहीं है।
यह भी पढ़ें: टैक्स के डर से अरबपति ने नहीं खरीदा घर, समुद्र में तैरते याट पर बिता दिए 6 महीने
बता दें कि अमरिंदर सिंह की सरकार के वक्त से ही पंजाब कांग्रेस गुटबाजी से उबर नहीं सकी है। पहले सियासी खींचतान कैप्टन अमरिंदर सिंह और
नवजोत सिंह सिद्धू
के बीच हुई। बाद में जब चन्नी को सीएम बनाया तो उस वक्त भी गुटबाजी उभरी। अब पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग और चन्नी के बीच गुटबाजी जारी है। दोनों ही खेमे अपनी-अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने में जुटे हैं।
हम पार्टी के साथ खड़े हैं: चन्नी
गुरुवार को बैठक हाईकमान के साथ बैठक के बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, 'सब ठीक है। हम पार्टी के प्रति समर्पित हैं। हम पार्टी लाइन का पालन करेंगे।' चन्नी ने आगे बताया कि आज कई नेताओं को यहां (दिल्ली) बुलाया गया था और हमने अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा, 'एक बात बिल्कुल साफ है कि हम पार्टी के साथ खड़े हैं। हम पार्टी हाईकमान का सम्मान करते हैं। राहुल गांधी हमारे नेता हैं। हम उन्हें बेहद मानते हैं।'
यह भी पढ़ें: 150 करोड़ की जायदाद के लिए बेटा बना कातिल, पिता को गोलियों से भूनकर हुआ फरार
'किसी को नीचा दिखाना मकसद नहीं'
जालंधर के सांसद ने आगे कहा, 'हमारे सभी कार्यकर्ता और नेता मजबूती से पार्टी के साथ खड़े हैं और आगे भी खड़े रहेंगे। हमारा मकसद किसी को शर्मिंदा करना या नीचा दिखाना नहीं है। हम बस पंजाब में पार्टी को आगे ले जाना चाहते हैं। हमने अपनी बात रखी है। हाईकमान ने हमारी बात सुनी है। आखिरी फैसला हमेशा हाईकमान का होगा, वे जो भी फैसला लेंगे, हम उसे मानेंगे और उसी मुताबिक आगे बढ़ेंगे। सब ठीक है। हम पार्टी के प्रति समर्पित हैं। हम पार्टी लाइन का पालन करेंगे।'