केंद्र सरकार ने 1995 बैच के छह IPS अधिकारियों को सुरक्षा और खुफिया तंत्र में अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने इन अधिकारियों की वरिष्ठ पदों पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। नई तैनाती CRPF, BSF, CISF और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में की गई है। सभी अधिकारी फिलहाल इन संगठनों में अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) या अतिरिक्त निदेशक के पद पर तैनात हैं।
नई नियुक्तियों के तहत तीन अधिकारियों को CRPF और BSF में स्पेशल डायरेक्टर जनरल, एक अधिकारी को CISF में स्पेशल DG और एक को IB में स्पेशल डायरेक्टर बनाया गया है। इन नियुक्तियों से केंद्रीय सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसी में वरिष्ठ स्तर पर बदलाव हुआ है। नियुक्तियां संबंधित अधिकारियों के पदभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी।
यह भी पढ़ें: GE से HAL को मिले 3 और इंजन, तेज होगा तेजस MK1A का प्रोडक्शन
संदीप खिरवार और पुनीत रस्तोगी को नई जिम्मेदारी
हरियाणा कैडर के 1995 बैच के IPS अधिकारी संदीप खिरवार को CRPF का स्पेशल डायरेक्टर जनरल नियुक्त किया गया है। वह फिलहाल CRPF में ADG के पद पर कार्यरत हैं। उनका कार्यकाल 31 मई 2033 तक या अगले आदेश तक रहेगा। वहीं, त्रिपुरा कैडर के IPS अधिकारी पुनीत रस्तोगी को BSF का स्पेशल DG बनाया गया है। वह भी फिलहाल ADG के पद पर तैनात हैं। उनकी नियुक्ति 30 जून 2030 तक या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
BSF और CISF में भी बढ़ी वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी
AGMUT कैडर के 1995 बैच के IPS अधिकारी सतीश श्रीरामजी खंडारे को BSF का स्पेशल DG नियुक्त किया गया है। वह फिलहाल BSF और ADG हैं। उनकी नियुक्ति अस्थायी रूप से डाउनग्रेड किए गए पद को फिर से बहाल किए जाने के बाद की गई है। उनका कार्यकाल 30 जून 2031 तक रहेगा।
यह भी पढ़ें: भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी को भारत कब लाएगी सरकार? विदेश मंत्रालय ने बताया
ओडिशा कैडर के IPS अधिकारी पद्माकर एस. रणिपसे को CISF का स्पेशल DG बनाया गया है। वह फिलहाल CISF में ADG हैं। उनकी नियुक्ति मौजूदा पद पर अस्थायी अपग्रेडेशन के जरिए की गई है। वह 31 मई 2028 को सेवानिवृत्त होने तक इस पद पर रहेंगे।
राजेश कुमार CRPF और जग मोहन IB में संभालेंगे कमान
AGMUT कैडर के 1995 बैच के IPS अधिकारी राजेश कुमार को CRPF का स्पेशल DG बनाया गया है। उनकी नियुक्ति मौजूदा पद पर अस्थायी अपग्रेडेशन के जरिए की गई है और यह पदभार संभालने की तारीख से दो साल के लिए होगी। वहीं बिहार कैडर के IPS अधिकारी जग मोहन को इंटेलिजेंस ब्यूरो का स्पेशल डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। वह फिलहाल IB में अतिरिक्त निदेशक हैं। उनका कार्यकाल 30 जून 2031 को सेवानिवृत्ति तक या अगले आदेश तक रहेगा।