दिल्ली में आंधी-मूसलाधार बारिश, 4 की मौत; IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
दिल्ली एनसीआर में आंधी और तेज बारिश ने जलभराव जैसी स्थिति पैदा कर दी है। खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। इस बीच मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में बारिश के बाद जलभराव। Photo Credit: PTI
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह आंधी के साथ बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मगर जगह-जगह जलभराव ने मुश्किलों में इजाफा कर दिया है। नजफगढ़ में एक मकान ढहने से तीन बच्चों और एक महिला की मौत हो गई है। वहीं खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों से जलभराव और पेड़ उखड़ने की खबरें भी हैं।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने कहा कि खराब मौसम के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एयर इंडिया ने बताया कि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में खराब मौसम का उड़ान संचालन पर असर पड़ा है।
#WATCH | Heavy rain, strong winds and lightning lash Delhi. Visuals from Geeta Colony. pic.twitter.com/AFAKBE1Ot7
— ANI (@ANI) May 2, 2025
दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली एयरपोर्ट ने एक एडवाइजरी भी जारी की है। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि दिल्ली में खराब मौसम और आंधी-तूफान के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। हमारी ऑन-ग्राउंड टीमें मिलकर काम कर रही हैं ताकि यात्रियों को दिक्कत का सामना न करना पड़े। यात्रियों से अनुरोध है कि वे उड़ान की अपडेटेड जानकारी के लिए एयरलाइन से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें: पहाड़ों पर हीटवेव, कई राज्यों में बारिश-आंधी, पढ़ें देश के मौसम का हाल
खरकरी गांव में ढहा मकान
दिल्ली दमकल विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 5:25 बजे नजफगढ़ के खरकरी गांव में एक मकान ढह गया। हमने मौके पर कई टीमों को तैनात किया है। मलबे से चार लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में तीन बच्चे और एक महिला शामिल है।
#WATCH | Heavy rainfall in Delhi leads to waterlogging in parts of the city. Visuals from Dwarka Underpass. pic.twitter.com/FNLgreDdeA
— ANI (@ANI) May 2, 2025
तीन फ्लाइट डायवर्ट, 100 देरी से उड़ीं
खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से तीन फ्लाइट को डायवर्ट किया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के आंकड़ों के मुताबिक 100 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं। दो उड़ानों को जयपुर और एक को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया है। बता दें कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का सबसे बड़ा और व्यस्ततम हवाई अड्डा है। यहां से रोजाना लगभग 1300 उड़ानों का संचालन होता है।
Delhi CM Rekha Gupta tweets, "Today, I inspected the situation of waterlogging in various areas of Delhi, including Majnu ka Tila, due to rain. I am personally present on the ground with the concerned officials to resolve this problem. Clear instructions were given to all… pic.twitter.com/XJVu4LyjtN
— ANI (@ANI) May 2, 2025
आप ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
इस बीच, आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को भारी बारिश के बाद दिल्ली में जलभराव और जाम के बाद भाजपा सरकार पर निशाना साधा। विपक्ष की नेता आतिशी और आप की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर जलभराव वाली सड़कों की तस्वीरें और वीडियो साझा की। आतिशी ने धौला कुआं और आईटीओ में जलभराव के वीडियो शेयर किए। उन्होंने लिखा कि क्या दिल्ली के लोगों को 4 इंजन वाली भाजपा सरकार से यही उम्मीद थी? आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की चार इंजन वाली सरकार की हकीकत सामने आई।
मंत्री प्रवेश वर्मा ने क्या कहा?
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि आज बेमौसम रिकॉर्ड बारिश के कारण दिल्ली में कई जगहों पर कुछ पानी जमा हुआ है। सुबह 5:30 बजे से ही मैं कई जगहों पर गया और स्थिति का जायजा लिया। मिंटो ब्रिज जाकर देखा तो चारों पंप काम कर रहे थे और ऑपरेटर भी अलर्ट हैं। एक पाइप फट गई थी। उसे ठीक करने को कहा है। पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, डीजेबी,एनडीएमसी और आईएफसी नालों की सफाई में जुटे हैं।
इन इलाकों में भारी पानी
बारिश और जगह-जगह जलभराव की वजह से लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। ऑफिस टाइमिंग के कारण भी जाम जैसी स्थिति बन गई है। मिंटो रोड, मोती बाग, दिल्ली एयरपोर्ट के पास, आईटीओ, खानपुर और डीएनडी समेत कई क्षेत्रों में जलभराव से लोग जूझते दिखे। आरके पुरम में मेजर सोमनाथ मार्ग में पेड़ उखड़ गए हैं। द्वारका अंडरपास में जलभराव की खबर है। उधर, मिंटो ब्रिज अंडरपास पर एक वाहन फंस गया।
यह भी पढ़ें: UP-बिहार में बारिश का अलर्ट, दिल्ली में हीटवेव का कहर जारी; मौसम अपडेट
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने अफ्रीका एवेन्यू क्षेत्र में जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। चहल ने कहा कि इस बार आप देखेंगे कि यातायात सुचारू है। कुछ जगहों पर थोड़ा जलभराव है। हमारे चार पंप चल रहे हैं। हम सारा पानी बाहर निकाल रहे हैं। समय पर सीवर की सफाई भी कर दी गई थी। हमारा संकल्प है कि किसी भी नागरिक को कोई असुविधा न हो।
#WATCH | Delhi: Rain showers lashed parts of the national capital; heavy waterlogging witnessed in several areas.
— ANI (@ANI) May 2, 2025
(Visuals from Dwarka underpass area) pic.twitter.com/d51S0stu1A
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में रेल अलर्ट जारी किया है। लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। अलर्ट के मुताबिक पेड़ों की शाखाएं और टहनियां उखड़ सकती हैं। यहां तक बड़े पेड़ भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग ने खड़ी फसल के नुकसान का अनुमान भी लगाया है।
इन्हें नुकसान का अनुमान
- केले और पपीते के पेड़ों को अधिक नुकसान हो सकता है।
- शाखाओं के टूटने से बिजली और संचार लाइनों को नुकसान पहुंच सकता है।
- तेज हवा/ओलावृष्टि से बागान, बागवानी और खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है।
- ओलावृष्टि से खुले स्थानों पर लोग और मवेशी घायल हो सकते हैं।
- कच्चे घरों, दीवारों और झोपड़ियों को मामूली नुकसान हो सकता है।
सलाह
- मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम पर नजर रखें।
- घर के अंदर रहें, खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें।
- अगर संभव हो तो यात्रा करने से बचें।
- सुरक्षित आश्रय लें, पेड़ों के नीचे शरण न लें।
- बिजली, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग कर दें।
- बिजली के उपकरणों और खंभों आदि से दूर रहें।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap