गुरुवार को एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे के से उड़ान भरते ही हादसे शिकार हो गया। अहमदाबाद विमान हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अधिकारियों के साथ बैठक की।
इससे पहले गृह मंत्री शाह ने विमान हादसे में घायलों से अस्पताल में जाकर मुलाकात की। शाह ने भीषण विमान हादसे में एक जीवित यात्री रमेश कुमार विश्वास से भी मुलाकात की। रमेश का अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, शाह ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री को जांच तेजी से करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: विमान हादसे में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का निधन
गृह मंत्री ने मीटिंग की जानकारी दी
मीटिंग के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'आज दोपहर एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें कई यात्रियों के मारे जाने की आशंका है। पूरा देश शोक में है और शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है। केंद्र सरकार को दुर्घटना के 10 मिनट के भीतर सूचना मिल गई। मैंने गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और नागरिक उड्डयन मंत्री से संपर्क किया। प्रधानमंत्री ने भी कुछ ही समय में फोन करके जानकारी ली।'
गृह मंत्री ने कहा कि घटना के तुरंत बार गुजरात सरकार ने आपदा प्रबंधन की सारी इकाइयों को अलर्ट करते हुए मिलकर राहत बचाव का कार्य चालू किया।
एक व्यक्ति जीवित है- गृह मंत्री
शाह ने कहा, 'सभी केंद्रीय और राज्य सरकार के विभाग बचाव अभियान में लगे हुए हैं। विमान में 230 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य थे। एक व्यक्ति जीवित है, जो कि हमारे लिए अच्छी खबर है। DNA सत्यापन के बाद मृतकों की संख्या के बारे में घोषणा की जाएगी। मैंने जीवित बचे एक व्यक्ति से मुलाकात की है।'
यह भी पढ़ें: 'जब मैं उठा तो डर गया', प्लेन क्रैश में बचे शख्स ने क्या बताया?
गृह मंत्री ने आगे कहा कि हर विभाग समन्वय के साथ बचाव अभियान चला रहा है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि एयर इंडिया के विमान में लगभग 1,25,000 लीटर ईंधन था, जिससे तापमान इतना ऊंचा हो गया कि किसी को बचाने का मौका ही नहीं मिला।
DNA लेने का काम 2-3 घंटे में पूरा होगा
उन्होंने कहा, 'मैंने दुर्घटना स्थल का दौरा किया। सभी यात्रियों के शव को निकालने का काम लगभग पूरा हो चुका है। जितने यात्रियों के परिजन पहुंच गए हैं उनका DNA लेने का काम भी 2-3 घंटे में पूरा हो जाएगा। जिनके परिजन विदेश में हैं उनको सूचित कर दिया गया है। लगभग 1000 डीएनए परीक्षण किए जाएंगे। शवों के डीएनए नमूने लिए गए हैं। डीएनए जांच के बाद शवों को सौंप दिया जाएगा। समीक्षा बैठक में हर पहलू पर चर्चा की गई। उड्डयन मंत्री ने निर्देश दिया है कि जांच तेजी से की जाए।'