अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय रूपाणी का दुखद निधन हो गया है। रूपाणी लंदन में अपनी बेटी से मिलने जा रहे थे। इस भीषण विमान हादसे में दर्जनों यात्रियों और क्रू मेंबर की भी जान चली गई है। विजय रूपाणी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
विजय रूपाणी के निधन की पुष्टि बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने की है। पात्रा ने एक्स पर ट्वीट करके रूपाणी की मृत्यु की जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'अहमदाबाद में हुए दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य विजय रूपाणी जी के दुखद निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और मन को झकझोर देने वाला है।'
यह भी पढ़ें: मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़, क्षतिग्रस्त इमारत बनवाएगा टाटा ग्रुप
भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने आगे कहा, 'उनका जाना न केवल गुजरात, बल्कि सम्पूर्ण भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। महाप्रभु जगन्नाथ जी दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं इस कठिन समय में शोकसंतप्त परिजनों और समर्थकों को धैर्य व संबल प्रदान करें। ॐ शांति।'
यह भी पढ़ें: विमान हादसे में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का निधन- संबित पात्रा
रूपाणी 2016 में पहली बार बने थे सीएम
विजय रूपाणी साल 2016 में गुजरात के मुख्यमंत्री बनाए गए थे। उस वक्त आनंदीबेन पटेल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। साल 2017 में बीजेपी की जीत के बाद एक बार फिर विजय रूपाणी को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया गया लेकिन 2021 में रूपाणी का इस्तीफा लेकर भूपेंद्र पटेल को गुजरात का मुख्यमंत्री बना दिया गया। उन्हें शांत स्वभाव के नेता के तौर पर जाना जाता था।
68 साल के विजय रूपाणी गुजरात विधानसभा चुनाव में राजकोट पश्चिम सीट विधायक चुने गए थे। जीत हासिल करने के बाद वह सात अगस्त 2016 से 11 सितंबर 2021 तक दो कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री रहे।
राजनीतिक जगत में शोक
रूपाणी की मौत निधन के बाद राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई नेताओं ने उनकी मौत पर दुख जताया है। रूपाणी की मौत पर दुख जताते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,'विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय रूपाणी का निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उनका जाना बीजेपी परिवार के साथ-साथ गुजरात और देश की राजनीति की अपूरणीय क्षति है।