logo

ट्रेंडिंग:

भारत-पाक के बीच कैसे हुआ सीजफायर? यहां पढ़ें पूरी कहानी

भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर लागू हो चुका है। अमेरिका के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी इसकी घोषणा कर दी है।

Foreign Secretary Vikram Misri.

विदेश सचिव विक्रम मिसरी। Photo Credit- MEA

'ऑपरेशन सिंदूर' के चार दिन बाद भारत और पाकिस्तान ने सीजफायर पर सहमति जता दी है। सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर का दावा किया। कुछ देर बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम की बात कही। मगर सबको इंतजार था भारत के आधिकारिक बयान का। भारत के बयान से पहले पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री इशाक डार ने भी जानकारी दी कि दोनों पक्षों में सहमति बन चुकी है। कुछ देर बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीजफायर की पुष्टि की। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने एलान किया कि भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (DGMO) ने शनिवार को बात की। शनिवार की शाम 5 बजे से सीजफायर लागू हो गया है। दोनों पक्ष जमीन, हवा और समुद्र से गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हो गए हैं। 

घुटनों पर आ चुका था पाकिस्तान

पाकिस्तान ने शुक्रवार की रात भारत के 26 शहरों पर ड्रोन और मिसाइलों से नाकाम हमले की कोशिश की। भारतीय सेना ने इसका ऐसा जवाब दिया कि पाकिस्तान की सेना और सरकार हिल उठी। भारत ने पाकिस्तान एयरफोर्स के कई ठिकानों को तबाह किया। इन हमलों ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। पाकिस्तान तुरंत अमेरिका, ईरान और सऊदी अरब समेत कई देशों से संपर्क साधने लगा। इस बीच अमेरिका ने मध्यस्थता की और दोनों देशों को किसी भी गफलत से बचने के लिए सीधे बातचीत करने का सुझाव दिया। 

 

यह भी पढ़ें: S-400 को कोई नुकसान नहीं, विंग कमांडर ने कहा- 'पाकिस्तान फैला रहा झूठ'

पाकिस्तान ने ही भारत को किया फोन

विदेश सचिव विक्रम मिसरी के मुताबिक पाकिस्तान के डीजीएमओ ने शनिवार की दोपहर 3:35 बजे भारत में फोन मिलाया। उनकी बात भारत के डीजीएमओ से हुई। बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच शनिवार शाम 5 बजे से सीजफायर लागू करने पर सहमति बनी। विदेश सचिव के मुताबिक डीजीएमओ 12 मई की दोपहर 12 बजे दोबारा बात करेंगे।

 

दावा- दो दिन से कोशिश में जुटा था अमेरिका

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के मुताबिक पिछले 48 घंटे यानी दो दिनों से सीजफायर पर बातचीत चल रही थी। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से संपर्क साधा। दूसरी तरफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सेना प्रमुख असीम मुनीर समेत अन्य पाकिस्तानी अधिकारियों से बात की। 

 

यह भी पढ़ें: गृह मंत्रालय ने न्यूज़ चैनलों के 'सायरन' बजाने पर लगाई रोक

 

मुनीर से क्या बोला अमेरिका?

शनिवार की सुबह मार्को रुबियो ने एक बार फिर असीम मुनीर से बात की। उन्होंने मुनीर से तनाव को कम करने को कहा। इस बीच भारत से भी बातचीत का दौर जारी रहा। दोपहर में भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच बातचीत हुई और सीजफायर पर सहमति बनी। 

 

अमेरिका बोला- हमने की मध्यस्थता, भारत ने नाम तक नहीं लिया

उधर, अमेरिका के यूएस डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट ने अपनी वेबसाइट पर लिखा कि अमेरिकी मध्यस्थता में भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम हुआ। ट्रंप के मुताबिक भारत और पाकिस्तान के बीच अमेरिका ने शुक्रवार की पूरी रात मध्यस्थता की। इसके बाद भारत और पाकिस्तान तत्काल संघर्ष विराम पर सहमत हुए। दूसरी तरफ भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने यूट्यूब चैनल पर 1 मिनट 24 सेंकेड का वीडियो अपलोड किया। इसमें विदेश सचिव विक्रम मिसरी सीजफायर की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने अपने बयान में कहीं भी अमेरिकी मध्यस्थता का जिक्र नहीं किया। यहां तक कि उन्होंने अमेरिका का नाम भी नहीं लिया।  

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap