अभिनेता
टाइगर श्रॉफ
पर गोलीबारी के मामले में दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश की रहने वाली 23 वर्षीय राधा और बबीता को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले सुमित और कुणाल को भी पकड़ा है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि चारों आरोपी विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के संपर्क में थे। पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से मुबंई पुलिस को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी कुणाल अमेरिका में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित के संपर्क में था। कुणाल कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। इसके बाद हरसाना गांव के रहने वाले एक दोस्त ने उसकी पहचान अनिल पंडित से करवाई। अनिल पानीपत जिले का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें: 'भारत की कीमत पर दुनिया से रिश्ते नहीं...', मार्को रुबियो का इशारा क्या है?
अमृतसर से लिया पिस्टल
दोनों के बीच एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप से बातचीत होती थी। अनिल पंडित ने कुणाल और उसके साथी सुमित को अमृतसर भेजा। यहां दोनों को एक पिस्टल और 20 राउंड कारतूस सौंपे गए।
नई दिल्ली से पकड़ी ट्रेन
पुलिस के मुताबिक कुणाल दो महीने पहले राधा से मिला। जल्द ही दोनों में प्रेम संबंध हो गए। इसके बाद कुणाल ने राधा के साथ अपनी पूरी साजिश का खुलासा किया। उसे मुंबई तक पिस्टल और कारतूस ले जाने के लिए मनाया। 15 अक्टूबर को राधा और उसकी साथी बबीता ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ी। दोनों को कुणाल रेलवे स्टेशन तक छोड़ने आया था।
होटल के बाहर सौंपा बैग
दो दिन बाद यानी 17 अक्टूबर को राधा और बबीता दादर रेलवे स्टेशन पर उतरीं। कुणाल ने पिस्टल और कारतूसों को राधा के बैग में छिपाया था। स्टेशन से दोनों एक होटल पहुंची। सुबह 11 बजे एक नाबालिग होटल के बाहर पहुंचा। राधा ने बैग उस लड़के को सौंप दिया। राधा को मैसेजिंग एप के माध्यम से कुणाल से लगातार निर्देश मिल रहे थे।
यह भी पढ़ें: SIR पर चुनाव आयोग की कौन सी गलतियां गिना रही कांग्रेस, पीलीभीत का जिक्र क्यों?
कहां से पुलिस ने पकड़ा?
18 अक्टूबर यानी रविवार की शाम को ही तीन लोगों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। दूसरी तरफ राधा और बबीता ने मुंबई से दादर-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ी। मंगलवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उतरते ही दोनों को पकड़ लिया गया। वहीं कुणाल और सुमित को सोनीपत से पकड़ा गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(1)(बी) के तहत कोर्ट के समक्ष पेश किया। यहां से अदालत ने मुबंई पुलिस को तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड दे दिया है।