• NEW DELHI 26 Jul 2025, (अपडेटेड 26 Jul 2025, 9:12 AM IST)
अगले चार-पांच दिन भारी बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है। जानिए हर प्रदेश के मौसम का अपडेट।
कई राज्यों बारिश का अलर्ट। (Photo Credit: PTI)
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तीन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। 13 राज्यों में ऑरेंज और 11 राज्यों में येलो अलर्ट की चेतावनी है। पंजाब-हरियाणा, पश्चिम राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में मौसम से जुड़ी कोई चेतावनी नहीं दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4-5 दिन मध्य और पूर्वी भारत, पश्चिमी तट व आसपास के घाट क्षेत्रों मानसून सक्रिय रहने की उम्मीद है।
तटीय पश्चिम बंगाल, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश के पास एक लो प्रेशर बेल्ट सक्रिया है। इस वजह से ओडिशा, झारखंड, गंगा तटीय पश्चिम बंगाल, विदर्भ, छत्तीसगढ़, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में 26 जुलाई, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 26 और 27, पूर्वी मध्य प्रदेश में 26, पूर्वी राजस्थान में 27 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट है।
रेड अलर्ट: मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र व कोंकण में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड और ओडिशा में भी मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा। पूर्वी राजस्थान, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में भी अभी लोगों को भारी बारिश से राहत मिलने वाली नहीं है।
ऑरेंज अलर्ट: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, नगालैंड, मिजोरम, ओडिशा, झारखंड, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
26 जुलाई का मौसम। फोटो- IMD
येलो अलर्ट: मौसम विभाग ने बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, सिक्किम, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। पंजाब-हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में मौसम से संबंधित कोई चेतावनी नहीं दी गई है। आईएमडी ने बिहार, तटीय आंध्र प्रदेश, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी कर्नाटक, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बरसात का अनुमान जताया है। केरल तमिलनाडु, बिहार, झारखंड, ओडिशा, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
27 जुलाई को मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक, पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात, झारखंड, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और उत्तराखंड में भारी बरसात का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, केरल, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ, तमिलनाडु, पश्चिमी राजस्थान और महाराष्ट्र के विदर्भ में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।