उत्तर भारत में आंधी-तूफान और बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया है। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। यूपी के कई जिलों में आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई और कई लोगों की जान ले ली। उत्तराखंड में भी तेज हवा चलने और रुद्रप्रयाग व चमोली जिले में बर्फबारी के बाद मौसम बदल गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी उत्तराखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, तूफान और बर्फबारी की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटे में मुक्तेश्वर में 27.2 मिमी बारिश और 3 मिमी ओलावृष्टि दर्ज की गई। देश की राजधानी नई दिल्ली में पिछले 21 में शुक्रवार को सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में आठ मई को सबसे कम 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था। अब 29 मई यानी शुक्रवार को 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर मौसम विभाग ने शनिवार को पश्चिमी मध्य प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: 'होर्मुज से हटेगी नाकेबंदी, दबे यूरेनियम को खोजेगा अमेरिका', ट्रंप का बड़ा ऐलान
मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश और तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। 31 मई तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। पंजाब और हरियाणा में भी लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। चंडीगढ़ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उधर, राजस्थान में भीषण गर्मी का सितम जारी है। हालांकि शुक्रवार से आंधी-तूफान और बारिश का उम्मीद है। शनिवार को पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट है।
राजस्थान में धूल भरी आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 30 और 31 मई को राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभागों के कुछ हिस्सों में बिजली करने की संभावना है। वहीं 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान और धूल भरी आंधी चल सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में दो दिनों तक आंधी-बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई है। कानपुर के आसपास के छह जिलों में 16 लोगों की मौत हुई है। सहारनपुर में मूसलाधार बारिश में 10 गाड़ियां बह गईं और दो पर्यटकों की जान गई है। आंधी तूफान से यूपी के करीब 20 जिले प्रभावित रहे। मौसम विभाग ने आगले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और ओलावृष्टि का भी अनुमान है।
यह भी पढ़ें: आधी रात में पुलिस ने रोकी कार, जांच में सीक्रेट तहखाना में 25 लाख रुपये मिले
हिमाचल के 10 जिलों में खराब रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 10 जिलों में मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को शिमला और आसपास के इलाके में भारी ओलावृष्टि हुई। 4 जून तक हिमाचल प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 40 से 50 किमी की रफ्तार से आंधी चलने की भी चेतावनी है। राजधानी कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के कई जिलों में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। झारखंड में भी बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया।
बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी, बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश का अलर्ट किया है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और विदर्भ के अलग-अलग स्थानों पर ओले गिरने की बहुत अधिक संभावना है।
आंधी-तूफान की चेतावनी: शनिवार को 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा, पंजाब और राजस्थान में आंधी-तूफान का अलर्ट है। वहीं आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ स्थानों पर 50 से 60 किमी की रफ्तार से आंधी आ सकती है।
गांगेय पश्चिम बंगाल, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंतरिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना और उत्तराखंड में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की संभावना है।