देश के अधिकांश हिस्से में प्रचंड गर्मी और लू से लोगों को राहत मिलने वाली नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी के अलावा देश के प्रायद्वीपीय हिस्से में अगले सात दिनों तक भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया है। शनिवार को 13 राज्यों में लू और 9 राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी दी है। केरल में बारिश का येलो अलर्ट और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में गंभीर से बहुत गंभीर लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया गया है। देश की राजधानी दिल्ली में गर्मी ने 14 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। गुरुवार को यहां पिछले डेढ़ दशक की सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को अरणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले अचानक आई बाढ़ ने भीषण तबाही मचाई। कई गावों का संपर्क कट चुका है। पुल बह गए हैं और कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढ़ें: अरुणाचल प्रदेश में अचानक बाढ़ से तबाही, कई पुल बहे; गांवों का संपर्क टूटा
मौसम विभाग ने शनिवार को भी अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा आंतरिक कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी में भारी बारिश का अलर्ट है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, बिहार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, केरल, गोवा, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, ओडिशा, पंजाब, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ स्थानों पर आंधी तूफान की संभावना है।
हिमाचल में बारिश से मौसम हुआ सुहाना
हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी से शुक्रवार को कुछ राहत मिली। बारिश और तेज हवाओं के बाद मौसम सुहाना हो गया। रोहतांग दर्रे और कुल्लू में ताजा बर्फबारी भी हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिले में तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
आज आपके यहां कैसा रहेगा मौसम?
भीषण लू का अलर्ट: मौसम विभाग ने शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा और विदर्भ में रात के समय मौसम गर्म रहने की संभावना है। वहीं तमिलनाडु, गांगेय पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में उमस भरा मौसम बना रहेगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को 13 राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। अपनी चेतावनी में विभाग ने बिहार, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें: पंजाब में ऑफिस, स्कूल और कॉलेज का बदला समय, अब कब से कब तक खुलेंगे?
तूफान और आंधी की चेतावनी: मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ-साथ बिजली कड़कने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। यंहा भी आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी है। आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक में भी 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
यूपी के इन जिलों में रेड अलर्ट
- बांदा
- चित्रकूट
- कौशांबी
- प्रयागराज
- फतेहपुर
- प्रतापगढ़
- मिर्जापुर
- वाराणसी
- भदोही
- जौनपुर
अगले सात दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
28 मई तक उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। वहीं 24 से 27 मई तक भीषण लू की स्थिति बन सकती है।
पश्चिमी राजस्थान में 24 से 28 मई तक भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। 23 से 28 मई तक विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लू से भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है।