दिसंबर के महीने में देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और आने वाले दिनों में ठंड ज्यादा बढ़ सकती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सर्दी को लेकर चेतावनी भी जारी कर दी है। मौसम विभाग ने 9 और 10 दिसंबर को शीतलहर की चेतावनी जारी कि है और बताया है कि उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अगले 24 घंटों के दौरान घना कोहरा रहेगा। आज और कल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
आईएमडी के अनुसार, 9 से 13 दिसंबर तक असम और मणिपुर के कुछ हिस्सों में घना कोहरा रहेगा। वहीं, आज और कल पूर्वी उत्तर प्रदेश और ओडिशा में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बिजली कड़कने और तेज रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
आईएमडी के अनुसार, आज से 12 दिसंबर तक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना है। इन राज्यों में सुबह कुछ घंटो तक घना कोहरा रहने की संभावना भी है। अगले 2 से 3 दिनों में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पारा तेजी से कम होगा, जिससे शीतलहर चलने की संभावना है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 6 डिग्री तक पहुंच सकता है।
बीते 24 घंटों में देश के कई हिस्सों में बहुत ज्यादा ठंड पड़ी है। छत्तीसगढ़, विदर्भ और ओडिशा में ठंड का असर देखने को मिला है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में पंजाब के फरीदकोट और गुरदासपुर में सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश में भी सामान्य से काफी कम तापमान दर्ज किया गया।
कोहरे का दिखेगा असर
अगले 2-3 दिनों में कोहरे का असर भी कई राज्यों में दिखेगा। मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में भी घना कोहरा पड़ सकता है। उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों में भी कोहरा पड़ने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। हालांकि, इन राज्यों में कोहरे का असर सुबह के समय कुछ घंटों के लिए ही दिखाई देगा।
ठंड बढ़ने के साथ ही बर्फबारी का दौर भी शुरू हो चुका है। लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में ताजा बर्फबारी की तस्वीरें सामने आई हैं। मौसम विभाग ने इन इलाकों में अगले 24 घंटों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ी राज्यों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के लिए भी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। शिमला और मनाली जैसे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और इसका असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है।