देश में बारिश और परेशान करने वाली है। मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि झारखंड और आसपास के इलाकों में बने कम दबाव क्षेत्र की वजह से आने वाले 4 दिन भारी पड़ने वाले है। पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओडिशा और झारखंड के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 17 अगस्त को इन क्षेत्रों में कुछ जगहों पर बहुत ज्यादा भारी बारिश भी हो सकती है।
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर प्रदेश में भी सप्ताह के ज्यादातर दिनों में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। बारिश अभी जारी रह सकती है।
यह भी पढ़ें: बारिश में पकौड़े, समोसे खाने पर भी नहीं बढ़ेगा वजन, घर पर करें ये एक्सरसाइज
हिमाचल से उत्तराखंड तक तेज बारिश
उत्तर-पश्चिम भारत में 16 से 21 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और उत्तराखंड में ज्यादा बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में अच्छी बारिश की संभावना है।
17 अगस्त को इन राज्यों की बढ़ेंगी मुश्किलें
मध्य भारत में छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में व्यापक बारिश का अनुमान है, जबकि पूर्वी भारत में गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और बिहार में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 17 अगस्त को उत्तरी ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में कुछ जगहों पर बहुत ज्यादा भारी बारिश का खतरा है।
पूर्वोत्तर के राज्यों में भी होगी तेज बारिश
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और अन्य राज्यों में भी अच्छी बारिश होने वाली है। पश्चिम भारत में कोंकण-गोवा और गुजरात के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहेगी। दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल और कुछ अन्य क्षेत्रों में व्यापक बारिश का अनुमान है, जबकि अन्य जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: बरसात के मौसम में रखना है स्किन का ध्यान तो अपनाएं ये घरेलू नुस्खे
दिल्ली-NCR में कब होगी बारिश?
दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हवा उत्तर-पश्चिम या पश्चिम दिशा से चलने वाली है।
मौसम विभाग ने क्या चेतावनी दी है?
मछुआरों को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और ऊंची लहरों की चेतावनी दी गई है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा हो सकता है।