देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी का सितम दोबारा से चालू हो गया है। आंधी-तूफान और हल्की बारिश से मिली राहत अब खत्म हो चुकी है। बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने गुरुवार को आंधी और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को पश्चिमी राजस्थान में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा, गोवा और तटीय आंध्र प्रदेश में मौसम उमस भरा और गर्म बना रहेगा। पिछले 24 घंटे में देशभर में सबसे अधिक तापमान पंजाब के बठिंडा में 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मध्य प्रदेश के दमोह में सबसे न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भारी बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग ने गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, गांगेय पश्चिम बंगाल, गोवा, लक्षद्वीप, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश की संभावना जताई है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में जहां फैली हिंसा, वहीं क्रैश हुआ Mi 17 हेलीकॉप्टर; कई सैनिक मरे
आंधी-तूफान की चेतावनी: मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब-हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, छत्तीसगढ़, गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा में भी आंधी का अलर्ट है। यहां रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
आंध्र प्रदेश, गोवा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और तेलंगाना में आंधी ((40-50 किमी/घंटा)) के साथ-साथ बिजली चमकने और गरजने की भी चेतावनी है। आईएमडी ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज हवा चलने का अनुमान जताया है।
केरल में 4 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
केरल में अगले चार दिनों तक मौसम खराब रहेगा। विभाग के मुताबिक 14 जून तक भारी बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहेगा। गुरुवार को एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मतलब इन जिलों में 11 सेमी से 20 सेमी तक बहुत भारी हो सकती है। इसके अलावा तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, कोट्टायम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड में मध्यम बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने 12 जून तक केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप के तटों पर तूफान और खराब मौसम की आशंका जताई है। मछुआरों को तटों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
अरुणाचल प्रदेश में कहां-कहां आंधी-तूफान की चेतावनी?
अरुणाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है। गुरुवार को कामले, लोअर सुबनसिरी, वेस्ट सियांग, सियांग, लेपाराडा, लोअर सियांग, ईस्ट सियांग और आसपास के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश व आंधी-तूफान का अलर्ट है।
यह भी पढ़ें: ताइवान ने अमेरिकी मदद से चीन की ओर दागे रॉकेट, पलटवार करेगा ड्रैगन?
आगे कैसा रहेगा मौसम?
13 से 16 जून के बीच उत्तराखंड और 14 व 16 जून के दौरान हिमाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश की संभावना है। 16 जून तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, और पूर्वी राजस्थान व पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश के आसार हैं। 13 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। 11 और 12 जून को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और 11-13 जून के दौरान हिमाचल प्रदेश के अधिकांश भाग में बारिश की संभावना है। इस दौरान इन प्रदेशों में आंधी-तूफान का भी अलर्ट है।