देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है और कुछ इलाकों में तो आफत बन गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी राज्यों, उत्तर भारत, पूर्वी भारत, मध्य भारत और पूर्वोत्तर के कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कई राज्यों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। हिमाचल, उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड का खतरा भी बना हुआ है।
राजधानी दिल्ली की बात करें तो दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज 22 जुलाई को मौसम बदला हुआ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक की भी संभावना है। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: सिविस ड्रेस में पुलिस का प्रदर्शनकारियों को पीटना सही या गलत? कानून से समझिए

यूपी-बिहार में बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में मॉनसून की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है। जिन जिलों में आज बारिश हो सकती है उनें मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फर नगर अलीगढ़, मथुरा, आगरा, ललितपुर, झासी, महोबा, हमीरपुर, महोबा, बांदा, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, गौतमबुद्ध नगर, आजमगढ़, वाराणसी और गोरखपुर शामिल हैं।
इसके अलावा पड़ोसी राज्य बिहार में भी कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने गया, बक्सर, सिवान, वैशाली, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, नवादा, औरंगाबाद, बेगूसराय, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, सुपौल, सहरसा, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, खगड़िया, भागलपुर और मुंगेर में भारी बारिश की संभावना जताई है।
पहाड़ी राज्यों में बढ़ा खतरा
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटे मौसम चुनौतीपूर्ण रह सकता है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। 22 जुलाई को हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू, शिमला, कांगड़ा, मंडी, किन्नौर, सोलन,बिलासपुर और कुल्लू बारिश की संभावना जताई है।
वहीं उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। जम्मू-कश्मीर के कारगिल, बारामूला, जम्मू, किश्तवाड़, उधमपुर, कठुआ, अनंतनाग, पुलवामा, बांदीपोरा और बडगाम में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इन तीनों राज्यों में बारिश से लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है।
अन्य राज्यों का मौसम
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में भी बुधवार को अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में बारिश का कहर देखने को मिल सकता है और इन दोनों राज्यों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: सब्जीवाले की बेटी, मजदूर का बेटा, NEET (UG) में मेहनत से गाड़े कामयाबी के झंडे
पूर्वोत्तर में जारी है बारिश का दौर
पूर्वोत्तर भारत में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 24 घंटे तक भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। कई स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल लोगों को राहत नहीं मिलेगी। पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।