उत्तर भारत से सर्दी का मौसम लगभग जा चुका है। लोग अब स्वेटर शाम और सुबह पहन रहे हैं, जबकि दिन में शर्ट और टी-शर्ट से काम चल जा रहा है। ऐसे ही पूरे उत्तर भारत में तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। इसी बीच दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान मौसम के सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी देते हुए बताया है कि 21 से 23 फरवरी के बीच दक्षिण तमिलनाडु और केरल एवं माहे के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने कहा कि इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही समुद्री क्षेत्रों में हालात ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: पहले निंदा, अब सफाई, वेस्ट बैंक पर इजरायली कब्जे पर भारत क्या बोला?
इन इलाकों का मौसम साफ रहेगा
इससे एक दिन पहले यानि 20 फरवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा था, जबकि पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में घना कोहरा देखा गया था। वहीं, आज की बात करें तो 21 फरवरी को इन इलाकों का मौसम साफ है।
आईएमडी के मुताबिक, अगले छह दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम के हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: 'रैंक निर्धारित कर पाना लगभग असंभव', पश्चिम बंगाल में SIR विवाद पर SC का फैसला
हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश और हिमपात
पर्वतीय राज्यों के मौसम में हल्का बदलाव हो सकता है। हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी को कहीं-कहीं बारिश या बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी के बीच कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बनी रह सकती है।