• NEW DELHI
31 Mar 2026, (अपडेटेड 31 Mar 2026, 6:46 AM IST)
मार्च के आखिरी दिन भी देश के कई राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना है। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर रहने के कारण बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मार्च के महीने का आज आखिरी दिन है और बढ़ते तापमान के साथ शुरू हुआ यह महीना अब आंधी और बारिश के साथ खत्म होने वाला है। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में एक बार फिर से मौसम करवट बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आज महीने के आखिरी दिन आंधी-बारिश के साथ बर्फबारी की भी चेतावनी जारी की गई है। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और तेज हवाएं चलेंगी और पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत में गर्मी और उमस का प्रभाव बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आज पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रहेगा और आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही तेज हवाएं और कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। अनुमान है कि तापमान सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश और बिहार की बात करें तो इन दोनों राज्यों में मौसम बदला-बदला रहने वाला है। त्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में कल हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं कुछ इलाके ऐसे भी होंगे, जहां तेज धूप चमकने वाली है। बिहार में भी मौसम का मिलाजुला रूप देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने आज राज्य के कुछ जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है। हालांकि, कुछ इलाकों में गर्मी का असर भी देखने को मिलेगा।
देश के पहाड़ी राज्यों में पश्चिम विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा। इन राज्यों के पहाड़ी क्षेत्रों के लिए बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है। कई इलाकों में 30–50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होगी।
कश्मीर में बर्फबारी
कश्मीर की बात करें तो कश्मीर में सोमवार को दूसरे दिन भी मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में एक बार फिर हिमपात होने की संभावना है। हालांकि इसके बाद मौसम में थोड़ा सुधार आएगा, लेकिन एक और दो अप्रैल को हल्की बारिश की संभावना है।
अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
अन्य राज्यों की बात करें तो आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज, बिजली और 30-50 किलोममीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 3 से 5 अप्रैल तक मौसम में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी।
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम मेघालय, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। झारखंड में 31 मार्च और 2-3 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज, बिजली और तेज हवाओं की संभावना है। मध्य भारत की बात करें तो अगले 5 दिनों तक मध्य भारत में मौसम स्थिर रहने की संभावना है।
दक्षिण भारत का मौसम?
दक्षिण भारत में एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है। 31 मार्च को केरल और माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके साथ ही कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में गर्मी और उमस के बढ़ने की संभावना है। हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे शहरों में तापमान 33-37 डिग्री तक रह सकता है।