logo

मूड

ट्रेंडिंग:

कई राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट, जानिए इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

देशभर में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है और इस पूरे हफ्ते कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Rain

शिमला बारिश, Photo Credit- PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

देश के कई हिस्सों में मॉनसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी हिमालय की तलहटी वाले इलाकों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके साथ ही कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने आज भी पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, असम, अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कुछ राज्यों में तो भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 

 

दिल्ली और आसपास के इलाकों की बात करें तो इन इलाकों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार और इसके बाद भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में मामूली गिरावट बनी रह सकती है।

 

यह भी पढ़ें: 3 राज्य, 3 उपचुनाव, PK की साख दांव पर, कौन जीत रहा है बाजी?

 

यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। कुछ जिलों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में 3 से 8 अगस्त के दौरान मध्यम से लेकर भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसके साथ ही पश्चिमी यूपी में 4 से 7 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।  बिहार में पिछले दिनों कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में 3 से 5 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश होगी। जबकि 4-5 अगस्त को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों का मौसम

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पिछले 24 से 48 घंटों के दौरान कई स्थानों पर बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक इन राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी रहेंगी। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश वाले क्षेत्रों के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जम्मू-कश्मीर में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर

इस साल मॉनसून का सबसे अधिक असर पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में दिखाई दे रहा है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पिछले 24 से 48 घंटों के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। असम में आई बाढ़ के कारण अभी भी लाखों लोग प्रभावित हैं। 

दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?

दक्षिण भारत की बात करें तो केरल में पिछले दो दिनों के दौरान सामान्य से तीन गुना से अधिक बारिश दर्ज की गई है। कई स्थानों पर जलभराव और भूस्खलन जैसी घटनाएं सामने आई हैं। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। तटीय कर्नाटक में भी लगातार बारिश का दौर बना हुआ है। तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। 

 

यह भी पढ़ें: असम की बाढ़ के लिए नगालैंड के तीन जिले क्यों हैं जिम्मेदार?

अन्य राज्यों का हाल

महाराष्ट्र के कोंकण और विदर्भ क्षेत्र में इस सप्ताह भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मुंबई, ठाणे और पालघर में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि रायगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात के कई हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। 

 

इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी के अनुसार, इस सप्ताह यानी 10 अगस्त तक उत्तर भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत और हिमालय की तलहटी वाले क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। आज से 8 जुलाई तक बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। वहीं कोंकण, विदर्भ, केरल और तटीय कर्नाटक में भी कई स्थानों पर तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है। 


और पढ़ें