दिल्ली के जंतर-मंतर और संसद मार्ग इलाके में बुधवार शाम प्रदर्शन के दौरान एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव बढ़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, जबकि एहतियात के तौर पर इलाके में मोबाइल इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्ता और कड़ी कर दी गई है।
मीडिया रिपोर्ट में आए शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों के उग्र होने के बाद हालात बिगड़ गए। बताया जा रहा है कि पार्क होटल के पास प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने एक पुलिसकर्मी का पीछा किया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कार्रवाई की। इसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें: 'पेपर लीक पर सरकार चर्चा करने को तैयार', जेपी नड्डा ने राहुल गांधी को घेरा
जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवाएं बंद
जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट बंद होने का दावा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने किया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि इलाके में इंटरनेट बंद कर दिया गया है, जिससे लोगों के बीच अफरातफरी मच गई है। वहीं, AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री
अरविंद केजरीवाल
ने भी दावा किया कि जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवाएं रोक दी गई हैं और इलाके में अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश दिया है कि चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी जाए। बताया जा रहा है कि जंतर-मंतर के आसपास करीब 1.5 किलोमीटर के दायरे में यह बंदी कल सुबह 6 बजे तक लागू रहेगी।
यह भी पढ़ें: 'सरकार चाहती है कि सोनम अनशन न तोड़ें...', मेदांता के बाहर बोलीं पत्नी गीतांजलि
कमिश्नर ने लिया हालात का जायजा
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने बताया कि संसद मार्ग के पास हुई ताजा झड़प में कम से कम 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें 2 ACP, 1 इंस्पेक्टर, 1 हेड कांस्टेबल और 1 कांस्टेबल शामिल हैं। हालांकि, प्रदर्शनकारियों में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार संसद मार्ग थाने पहुंचे और अधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा की। पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।