कमर्शियल
LPG
सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों को सितंबर की शुरुआत में एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। तेल कंपनियों ने 1 सितंबर 2026 से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 9.50 रुपये बढ़ा दी है। अब दिल्ली में इसकी कीमत 2,747.50 रुपये हो गई है, जबकि अगस्त में यह 2,738 रुपये में मिल रहा था। दिल्ली के रेट को देखें तो 2026 के पहले नौ महीनों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 8 बार बढ़ोतरी हो चुकी है।
आपको बता दें कि 1 सितंबर 2025 को कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 1,580 रुपये थी। अब एक साल बाद इसकी कीमत करीब 73.3% बढ़ गई है। वहीं, 1 जनवरी 2026 को 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 1,691.50 रुपये थी।
यह भी पढ़ें: प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई सारी FIR रद्द, CJP 5 तारीख को नहीं करेगी प्रदर्शन
2026 में कीमत कितनी बार बढ़ी?
साल की शुरुआत से अब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। इसका सीधा असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा है। कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में जनवरी में 111 रुपये और फरवरी में 49 रुपये की बढ़ोतरी हुई। मार्च में दो बार कीमत बढ़ाई गई, पहली बार 1 मार्च को 28 रुपये और फिर 7 मार्च को 114 रुपये। इसके बाद अप्रैल में 194 रुपये, मई में 993 रुपये, जून में 42 रुपये और सितंबर में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई।
मई में क्यों हुई इतनी ज्यादा बढ़ोतरी?
इस साल कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में सबसे बड़ी बढ़ोतरी 1 मई 2026 को हुई थी। वैश्विक तनाव और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई में बड़ी रुकावटों के चलते कंपनियों ने 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत एक ही बार में 993 रुपये बढ़ा दी थी। इसके बाद दिल्ली में सिलेंडर के दाम 2,078.50 रुपये से बढ़कर सीधे 3,071.50 रुपये हो गए थे। यह इस साल अब तक का सबसे ज्यादा दाम था।
यह भी पढ़ें: SIR: जहां लगातार जीत रही AAP, वहां खूब कटे वोट, BJP नेताओं की सीट पर क्या हुआ?
जुलाई-अगस्त में मिली राहत
लगातार कीमतें बढ़ने के बाद जुलाई और अगस्त में कारोबारियों को थोड़ी राहत मिली। 1 जुलाई को कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 183.50 रुपये घटाकर 2,930 रुपये कर दिए गए। इसके बाद 1 अगस्त को दिल्ली में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में 192 रुपये की और कटौती हुई। इससे इसकी कीमत 2,738 रुपये हो गई। यानी इन दो महीनों में कारोबारियों को कुल 375.50 रुपये की राहत मिली।